






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 मई 2025। हवाला कारोबार में जिले में अव्वल क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ अंचल में इस कारोबार से जुड़े एक युवक के घर में रात खूब हंगामा हुआ और पुलिस ने 11 जनों को गिरफ्तार किया। गांव ऊपनी की रोही से एक युवक ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग उसके माता पिता को परेशान कर रहें है। थाने से गश्त पर निकले हैड कांस्टेबल भगवानाराम, कांस्टेबल कुष्ण कुमार, नरेंद्र कुमार, पेमाराम, डीआर रामनिवास की टीम ऊपनी की रोही में फोन करने वाले पवन गुरावा की ढाणी पहुंचे। पुलिस को मौके पर पवन व उसके पिता परमेश्वरलाल गुरावा सहित 10-11 जने मिले। हैड कांस्टेबल भगवानाराम ने बताया कि पूछताछ करने पर पता चला कि पवन मनी ट्रांसफर का कार्य करता है और ये लोग पवन से लेन देन का हिसाब करने आए है। तभी वहां बैठे 10-11 जनों ने एक ही स्वर में उत्तेजित होकर पवन पर रूपए नहीं लौटाने व ऊपर से पुलिस बुला लेने की बात कहते हुए झगड़ा करने लगे। वहां मौजूद परमेश्वर व उसके साथी पुलिस से उलझने लगे और पवन को रूपए नहीं देने पर देख लेने की धमकी देने लगे। पुलिस ने बीच बचाव कर समझाईश का प्रयास किया परंतु वे नहीं माने और धमकियां देते हुए झगड़ा फसाद करने लगे। थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस पर नोखा थाने के हिस्ट्री शीटर सुरेश विश्नोई उर्फ सुशिया शिकारी पुत्र भंवरलाल विश्नोई निवासी जोरावरपुरा तथा जसरासर थाने का हिर्स्टी शीटर 42 वर्षीय मदन पुत्र बंशीलाल विश्नोई निवासी उढ़सर सहित रोड़ा निवासी 36 वर्षीय बजरंग पुत्र मनीराम बिश्नोई, नोखा वार्ड 2 के निवासी 27 वर्षीय दिनेश व 28 वर्षीय मनीष पुत्र शिवनारायण पंचारिया, पनपालसर निवासी 25 वर्षीय अमित पुत्र बालकिशन जोशी, रोडा निवासी 23 वर्षीय कमलेश पुत्र रामचंद्र विश्नोई, सहनीवाला निवासी 22 सुनील पुत्र बलराम विश्नोई, नोखा वार्ड2 निवासी 23 वर्षीय रवि पुत्र जैलेश यादव, बनिया निवासी 22 वर्षीय दिनेश पुत्र जगदीश विश्नोई, रोडा निवासी 29 वर्षीय बाबूलाल पुत्र रामनिवास शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सभी को थाने लेकर पहुंची और शांतिभंग में पाबंद किया।



