






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मार्च 2024। ब्रह्मधाम आसोतरा के गादिपति तुलछाराम महाराज आज सरदारशहर रोड स्थित निर्माणाधीन राजपुरोहित सभा संस्थान के भवन पहुंचे। उनके स्वागत व दर्शन करने राजपुरोहित समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। महाराज जी का भव्य स्वागत किया गया व विधायक ताराचंद सारस्वत ने क्षेत्र की ओर से उनका अभिनंदन किया। महाराज ने मानव जीवन में मनुष्य को सदैव श्रेष्ठता की ओर बढ़ने के प्रयास करने की बात कही। उन्होंने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर 36 कौम को साथ लेकर सर्वहिताय कार्य करने की प्रेरणा दी। महाराज ने सारस्वत से कहा कि प्रभुकृपा से ये अवसर मिला है और इस अवसर का वे उचित प्रयोग करें। महाराज ने समाज के लोगों से भवन निर्माण शीघ्र पूर्ण करने का भी आग्रह किया। आड़सर के मनफूलसिंह राजपुरोहित ने समाज को संगठित होने व परस्पर सौहार्द पूर्वक रहते हुए राजपुरोहित समाज की परंपराओं के निर्वहन करने की बात कही। कार्यक्रम में व्यवस्थाओं का जिम्मा राजपुरोहित नवयुवक मंडल ने उठाया व महाराज ने मंडल के युवाओं की सराहना भी की। मंडल के युवाओं ने पुष्पवर्षा से महाराज का स्वागत किया। समाज की महिला शक्ति भी महाराज के दर्शन करने पहुंची। कार्यक्रम का संचालन राज सर ने किया व भाजपा नेता रामगोपाल सुथार, तोलियासर सरपंच प्रतिनिधि गिरधारी सिंह राजपुरोहित, पृथ्वीराजसिंह राजपुरोहित, बजरंग दल के नवरत्न राजपुरोहित सहित समाज के अनेक मौजिज लोग श्रीडूंगरगढ़ सहित आस पास के गांवो से भी आयोजन में शामिल हुए।




