May 21, 2026
banner[1]-Recovered-Recovered-Recovered

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 जनवरी 2024। प्रशासन का कोई अधिकारी जब ड्यूटी से बढ़कर जन-सरोकार का कार्य करते नजर आता तो आमजन आभार के भाव से गद्गद हो जाते है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी अशोक विश्नोई का एक वाकया श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के सामने आया जब एक ग्रामीण युवक ने उनका जिक्र किया। युवक उनका नाम नहीं जानता और टाइम्स के माध्यम से उनका तहेदिल से आभार जताया है। आप भी पढ़ें पूरा वाक्या…
गांव सुरजनसर के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि वैद्य भैराराम सोनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और परिजन उनका उपचार करवाने तुलसी सेवा केंद्र लेकर आए। बात 17 जनवरी की रात 3 बजे की है जब सोनी के पोते विष्णु पुत्र मनोज सोनी अपने श्रीडूंगरगढ़ निवासी एक रिश्तेदार के घर गए और अपने दादा व चाचा के लिए चाय व ओढ़ने के लिए गर्म कंबल लेकर लौट रहे थे। विष्णु 3.25 पर अपने रिश्तेदार के घर से निकले और घुमचक्कर रोड से होते हुए अस्पताल आ रहें थे। अचानक युवक ने महसूस किया की एक काले रंग की गाड़ी उसकी गाड़ी का पीछा कर रही है। विष्णु की गाड़ी में पीछे की सीट पर उनका भाई सो रहा था और मुख्य बाजार में उनकी गाड़ी पहुंची तो सामने से अचानक एक गाड़ी ओर आई और उनका रास्ता रोक लिया। हाथ में डंडे लिए करीब 7 जने धड़ाधड़ उस गाड़ी से नीचे उतरे। युवक बुरी तरह से घबरा गया और जब तस्दीक हो गयी जवान पुलिसकर्मी है तो उसने अपनी गाड़ी का दरवाजा खोला। युवक को पता चला कि पीछा करने वाली गाड़ी में सीआई श्रीडूंगरगढ़ अशोक विश्नोई सवार है। विश्नोई की पूछताछ पर विष्णु ने उन्हें अपना लाइसेंस दिखाते हुए दादाजी के भर्ती होने व उनके लिए चाय व जरूरी सामान लेकर आने के बारे पूरी जानकारी दी। विश्नोई ने तुरंत नम्र लहजे में कहा डरने की कोई जरूरत नहीं है हम ड्यूटी पर है। उनके जाने के बाद एक पुलिस कर्मी ने विष्णु को बताया कि इन दिनों क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही है और इससे परेशान पुलिस अधिकारी स्वयं गश्त पर रहते है। विष्णु ने टाइम्स को बताया कि उन्हें गर्व है कि नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस संवदेनशील है। उसने कहा कि ऐसी कड़ाके की ठंड में जब लोग घरों में दुबक कर सोते है तो पुलिस के जवान सुरक्षा में तैनात रहते है। जो लोग पुलिस प्रशासन पर अंगुली उठाते है वे सिक्के का दूसरा पहलू भी देखना सीखें। विष्णु के पिता मनोज कुमार सोनी ने कहा कि पुलिस की निगरानी में हम सब सुरक्षित है और चैन की नींद सो रहें है। पूरे सोनी परिवार ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस का आभार जताया व फर्ज के प्रति उन्हें मुस्तेद देखकर गर्व प्रकट किया है।

(जैसा कि विष्णु सोनी, गांव सुरजनसर ने बताया)