






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 मई 2022। बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र जनहित में सेवा कार्यों व पर्यावरण रक्षा में अग्रणी होकर अपनी जिम्मेदारी उठा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए क्षेत्र में शुभ दहेज की प्रथा प्रारंभ हुई है। इस नई परंपरा में कन्या पक्ष ने वर पक्ष को फलदार पौधे दहेज में देने के साथ ही दोनों पक्षो ने जिले में डाबला तालाब को पर्यावरणीय तीर्थ बनाने की ऐतिहासिक मुहिम में पहली सहयोग राशि दर्ज करवाई। रिड़ी गांव के बलिहारा परिवार व बरजांगसर के गोदारा परिवार ने इस मुहिम के प्रेरक श्याम सुंदर ज्याणी को राशि सौंपी। ज्याणी ने पहल को मील का पत्थर साबित होना बताते हुए आभार प्रकट किया। परिवार के रामप्रताप बलिहारा ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन किशननाथ बलिहारा ने अपनी पुत्रियों का विवाह बरजांगसर के सुखराम नाथ गोदारा के पुत्रों के साथ संपन्न करवाया और इस विवाह में समठुणी में कन्या पक्ष ने वर पक्ष को 101 फलदार पौधे भेंट करने के साथ ही डाबला तालाब मुहिम के लिए बलिहारा परिवार ने 11 हजार व गोदारा परिवार ने 5100 रूपए की सहयोग राशि श्याम सुंदर ज्याणी को सौंपी। गांव सहित क्षेत्र में इस कार्य की सराहना हो रही है व इसे शुभ दहेज या हरित दहेज की बात करते हुए चर्चा का केन्द्र बना हुआ है।






