






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 मार्च 2023। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के बाद अब देश अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और आजादी के 100 साल पूर्ण होने से पहले पहले देश को पुन: विश्वगुरू के पद पर स्थापित करना है। इसलिए आगामी 25 सालों में देश के प्रत्येक नागरिक को इस लक्ष्य में अपनी भागीदारी निभानी है एवं अपने जीवन में देश प्रथम का संकल्प लेना है। यह आह्वान किया भाजपा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत ने और मौका था भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के निर्देशानुसार पार्टी के शक्ति केन्द्रों में आयोजित राष्ट्रपति के अभिभाषण कार्यक्रम का। श्रीडूंगरगढ़ भाजपा द्वारा सारस्वत की अगुवाई में बिग्गाबास रामसरा, धीरदेसर चोटियान, सत्तासर, मोमासर, आड़सर आदि गांवों में बनाए गए शक्ति केन्द्रों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया एवं देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु द्वारा गत 31 जनवरी को संसद में दिए गए अभिभाषण को पढ़ कर सुनाया व उसका प्रिंट आउट वितरण किया। कार्यक्रमों में पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत, मंडल अध्यक्ष गंगाधर शर्मा, महेश राजोतिया, विक्रम सिंह सत्तासर, गोविंद दास स्वामी, लक्ष्मणसिंह, श्यामसुंदर चोटिया, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष बजरंगलाल प्रजापत, जितेन्द्र सैनी, भंवरलाल गोदारा आदि मौजूद रहे एवं भाजपा द्वारा सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।




