






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 मार्च 2025। बिजली संबंधी पूरे अंचल में एलएनटी कंपनी के अनेक कार्य लंबित पड़ें है और इस हेतु वर्तमान विधायक ने विधानसभा में कंपनी की कार्यशैली को लेकर सवाल भी खड़े किए थे। क्षेत्र के गांव लिखमादेसर के ग्रामीणों में कंपनी की कार्यशैली को लेकर खासी नाराजगी का माहौल छाया है। गांव में करीब 12 माह से लंबित पड़े कार्य नहीं किए जाने से ग्रामीण परेशान हो गए है। ग्रामीणों द्वारा लंबित पड़े तीन फीडर और तीन ट्रांसफार्मर लगा कर शीघ्र सप्लाई शुरू करने व ग्रामीणों व किसानों को राहत दिए जाने की मांग लगातार की जा रही है। गांव के जागरूक युवाओं ने बताया कि गांव में लाइनें खींच गई है, कुछ पोल लगा दिए गए है, सप्लाई के लिए नया आपूर्ति ढांचा भी जीएसएस में तैयार कर दिया गया है, परंतु एक भी कार्य को पूरा नहीं किया गया है जिससे लाइनों में सप्लाई सुचारू की जा सकें। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए ग्रामीण बिजली आपूर्ति समस्याओं के समाधान की मांग लगातार कर रहें है। ग्रामीणों को आशंका है कि सप्लाई शुरू नहीं होने से गर्मी में कृषि कनेक्शनों पर ही नहीं घरेलू उपभोक्ताओं के भी हाल बेहाल होंगे। टाइम्स ने मामले की जांच पड़ताल की गई। कपंनी के प्रतिनिधि एरिया मैनेजर संदीप शर्मा ने बताया कि पूर्व में गांव में ग्रामीणों द्वारा किए गए विरोध के कारण यहां काम करने वाली टीम यहां से स्विच कर गई, अब यहां मौसम भी एक चुनौती बन गया है और मैन पावर मिलने में दिक्कतें आ रही है। शर्मा ने कहा कि उनकी एक टीम गांव कुंतासर में कार्य कर रही है और संभवत ये कार्य पूर्ण होने के साथ ही इस टीम को करीब एक सप्ताह में लिखमादेसर में कार्य पर लगा दिया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने बताया के वे हर संभव मदद टीम की करने को तैयार है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की सप्लाई शुरू करने में कोई परेशानी ही नहीं है परंतु लापरवाही बरती जा रही है। वहीं उन्होंने बताया कि पूर्व में गेहूं की खड़ी फसल में लाइनें खींचने के लिए किसानों को परेशानी थी परंतु अब मूंगफली बिजाई से पहले खेत खाली रहेंगे तब तक कंपनी अपना कार्य पूरा कर ग्रामीणों को राहत दे सकती है।
ये है समस्या, दो माह रहेंगे खेत खाली, शेष कार्य शीघ्र करने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमादेसर गांव में तीन ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई हो रही थी। जिनपर ओवर लोड होने के कारण तीन और ट्रांसफार्मर लगवाए जाने की स्वीकृति मिली। इसी प्रकार करीब 10 फीडर में प्रति फीडर एवरेज 40 कृषि कनेक्शन है। तीन ओर फीडर स्थापित कर यहां कृषि कनेक्शनों का भार बंटवारा कर बिजली की गुणवत्ता में सुधार करते हुए किसानों को राहत देने के लिए स्वीकृत किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में फसल खड़ी थी तो कुछ किसानों ने लाइन के कार्य पर आपत्ति जताई। परंतु अब करीब 2 माह खेत खाली रहेंगे ऐसे में कंपनी को बार बार कॉल करके आग्रह कर रहें है कि शीघ्र लंबित कार्य पूरा किया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कई बार विद्युत विभाग को भी अवगत करवाया है परंतु विभागीय अधिकारी कंपनी का काम बता कर पल्ला झाड़ लेते है।
50% काम बकाया, लगेंगे करीब 2 माह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जागरूक ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी द्वारा आधा कार्य कर दिया गया है वहीं सामान सारा पड़ा है। आधा काम बकाया है। जिसे प्रारंभ किया जाए तो करीब 10 दिन में गांव का कार्य पूरा हो सकेगा व तीनों फीडरों का कार्य पूरा करने में करीब 2 माह का समय लग सकता है। ऐसे में 2 माह बाद पुन: खेतों में मूंगफली की बिजाई हो जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी काम शुरू तो करें, इसमें ग्रामीण मिल कर इसे शीघ्र पूरा करवाने में भी सकारात्मक सहयोग देंगे।




