May 20, 2026
00000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2025। तेरापंथ समाज की धर्मध्वजा हाथ में लिए श्रावक, आचार्य महाश्रमण जी के जयकारे लगाती महिलाएं व पुरूष, वदंना करते युवा व रैली में शामिल विभिन्न स्कूलों के नन्हें मुन्ने बच्चे, ये उत्साही व धर्ममय माहौल शनिवार को क्षेत्र के गांव मोमासर में नजर आया। यहां महाश्रमणजी की शिष्या साध्वी प्रमिला कुमारी सहवर्ती साध्वियों के साथ चातुर्मासिक प्रवेश संपन्न हुआ। आगामी चार माह ये साध्वीवृंद मोमासर में ही ठहराव करेंगी और जप तप करते हुए धर्मसंघ में निष्ठा की सीख देगी। साध्वी का विहार गांव से करीब एक किलोमीटर पहले शुरू हुआ। जहां बड़ी संख्या में तेरापंथ समाज की महिलाएं पुरूष व युवा बच्चों सहित स्कूलों के नन्हें मुन्नों ने साध्वी स्वागत में पहुंचे। सभी लोग एक किलोमीटर तक साध्वीवृंद के साथ पैदल आए और अभिनंदन रैली के दौरान पूरे रास्ते में आचार्य महाश्रमण के जयकारे गूंजते रहें। तेरापंथ भवन पहुंच कर रैली स्वागत सभा में बदल गई। महिला मंडल, मोमासर द्वारा मंगलाचरण किया गया। सभा अध्यक्ष राजेंद्र संचेती ने स्वागत व्यक्तव्य दिया। महिला मंडल अध्यक्ष कंचन पटावरी, अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुमन बाफना, उपसरपंच जुगराज संचेती, जैन सभा के उपाध्यक्ष अशोक पटावरी, कल्पना सेठिया, साध्वी आस्थाश्री, आड़सर से कार्यक्रम में शामिल हुए अजय छाजेड़, जगत पटावरी, शांतिलाल सेठिया, सेवानिवृत प्राध्यापक गौरीशंकर जोशी ने भावाभिव्यक्ति देते हुए साध्वियों के प्रति चातुर्मास मोमासर में करने के लिए कृतज्ञता जताई। साध्वी वृंद ने गीतिका व एक कॉमिक के माध्यम रोचक प्रस्तुति देते हुए अपने विचार व्यक्त किए। सभी अतिथियों का आभार सभा के मंत्री जतन सेठिया ने किया। कार्यक्रम में दानदाता शुभकरण सेठिया व डूंगरचंद चोपड़ा बालोतरा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इन दोनों परिवारों की तीन-तीन बेटियां धर्मसंघ में साध्वी रूप में सेवाएं दे रही है। इनमें एक साध्वी तेजस प्रभा भी साध्वी प्रमिला कुमारी के साथ मोमासर पहुंची है। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र संचेती ने किया और कार्यक्रम में जैन समाज सहित गांव के अनेक मौजिज लोग शामिल हुए।