






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 दिसम्बर 2024। सर्वसम्मति और एकजुटता की पहचान रखने वाला श्रीडूंगरगढ़ बार संघ इस बार गत अध्यक्ष को ही सर्वसम्मति पुनः आगामी कार्यकाल के लिए अध्यक्ष घोषित करने के बाद दो धड़ो में बंटा हुआ नजर आ रहा है। पहले धड़े ने जहां गत 7 दिसम्बर को एडवोकेट सत्यनारायण प्रजापत को अध्यक्ष घोषित किया था, वहीं दूसरे धड़े ने गुरुवार को न्यायालय परिसर में स्थित पुस्तकालय में बैठक आयोजित कर अपना चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है। बार के पूर्व अध्यक्ष के. के. पुरोहित ने बताया कि बैठक में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के दिशा निर्देशों के अनुसार ही चुनाव करवाया जाना तय किया गया है। इसके लिए 13 दिसम्बर को वोटर लिस्ट प्रकाशन, 16 दिसम्बर तक वोटर लिस्ट में आपत्ति आमंत्रण, 17 दिसम्बर को नामांकन, 18 दिसम्बर को नाम वापसी एंव आवश्यक होने पर 20 दिसम्बर को मतदान किया जाना तय किया गया है। बैठक में चुनाव के लिए एडवोकेट केके पुरोहित को मुख्य चुनाव अधिकारी, एडवोकेट मोहननाथ सिद्ध व एडवोकेट अनिल धायल को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
दोनों पक्षो की समझाइश में उतरे सीनियर एडवोकेट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव के चलते हुई गुटबाजी को सुलझाने के लिए बार के सीनियर एडवोकेट प्रयासरत हुए है। बार के सीनियर अधिवक्ताओं द्वारा विवाद में शामिल हुए अधिवक्ताओं से समझाइश की जा रही है एंव विवाद समाप्ति के पुरजोर प्रयास किए जा रहे है।




