






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2020। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से 24 अक्टूबर की रात्रि को एक युवती घर से गायब हो गई, परेशान परिजनों ने उसे दिन भर ढूंढने के बाद 25 अक्टूबर को पुलिस थाने पहुंच कर युवती की गुमशुदगी दर्ज करवाते हुए उसे ढूंढने की गुहार लगाई। परन्तु 26 अक्टूबर को ही युवती अपने प्रेमी के साथ चूरू जिला एसपी के यहां पहुंच गई और अपने परिजनों से जान-माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग कर डाली। सामाजिक-पारिवारिक ताने-बाने को ध्वस्त करती यह घटना श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव जाखासर नया की है। श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई हेतराम ने बताया कि जाखासर नया निवासी एक जने ने 25 अक्टूबर को अपनी 17 वर्षीय नाबालिक पुत्री को सरदारशहर के गांव फुलासर निवासी एक युवक द्वारा अपहरण कर ले जाने की सूचना दी थी। युवक के फोन नम्बर ट्रेस पर लगाए गए और तलाश प्रारंभ की गई लेकिन इससे पहले ही युवती व युवक चूरू एसपी कार्यालय पहुंच गए। जांच में आरोपी युवक रिश्तेदारी का ही निकला है एवं युवती की उम्र भी 20 वर्ष पाई गई है। युवक-युवती ने सरदारशहर में अपना विवाहनामा भी बनवा कर परिजनों से सुरक्षा की मांग की है। ऐसे में मंगलवार सुबह युवक-युवती एवं परिजनों को श्रीडूंगरगढ़ थाने लाया गया और परिजनों को प्रेमी युगल को किसी भी प्रकार की हानि नहीं पहुंचाने के लिए पाबंद किया गया है। विदित रहे कि क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ रही है यह चौथा मामला सामने आया। ऐसे में दरकते पारिवारिक रिश्ते सामाजिक संरचना के लिए घातक सिद्ध हो रहे है।




