


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2026। एक नौजवान की मौत से एक परिवार की उम्मीदें व सपने चकनाचूर हो जाने की दु:खद खबर क्षेत्र के गांव गुसाईंसर बड़ा से आई है। अपने दोस्त के साथ गांव से श्रीडूंगरगढ़ आए 17 वर्षीय युवक ओमप्रकाश की देर रात हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई है। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव भर में माहौल गमगीन हो गया है। ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने के साथ ही काल की क्रूरता को कोस रहें है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी कश्यपसिंह, एसआई मोहनलाल मौके पर पहुंचे व घायलों को अस्पताल पहुंचाने में तत्परता बरती, अधिकारी ने मौका मुआयना भी किया व वाहनों को थाने पहुंचाया। एसआई राजेंद्र उपजिला अस्पताल पहुंचे व घायलों को शीघ्र बीकानेर भेजने के लिए प्रयास किए। आपणो गांव सेवा समिति व डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादारों ने भी तत्परता बरती। परंतु ओमप्रकाश ने बीकानेर पीबीएम पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
घर की जिम्मेदारी ओमप्रकाश के कंधों पर थी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मृतक नौजवान ओमप्रकाश पुत्र हरदेवाराम जाट अपनी विधवा माँ व चार छोटी बहनों का इकालौता भाई था। घर की जिम्मेदारी उसके युवा कंधो पर ही थी। वह पढ़ाई के साथ काम भी करता था। वह डेयरी का काम कर रहें मुन्नीराम कंस्वा के साथ श्रीडूंगरगढ़ आया था। यहां से मुन्नीराम का चचेरा भाई अभिषेक जो सीकर नीट की तैयारी कर रहा है, भी सीकर से श्रीडूंगरगढ़ पहुंचा और तीनों पिकअप में गांव लौट रहें थे। रात करीब 12 बजे गांव के पास ही उनकी पिकअप एक ट्रोले से टकरा गई। जिसमें तीनों घायलों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। पिकअप में बीच की सीट पर बैठे ओमप्रकाश को सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल से ओमप्रकाश को तुरंत बीकानेर रेफर कर दिया गया। मुन्नीराम व अभिषेक को भी बीकानेर भेज दिया गया। मुन्नीराम के परिवार में ही कल 6 जुलाई को विवाह समारोह है और इसी विवाह में शामिल होने के लिए अभिषेक भी गांव आ रहा था। वहीं ग्रामीणों ने ट्रोमा होने व घायल को तुरंत उचित ईलाज यहीं मिलने की भी चर्चा करते हुए ट्रोमा की आवश्यकता जताई।





