May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 फरवरी 2022। क्षेत्र के एक किसान को लूणकरणसर मंडी के एक व्यापारी पर आंख मूंद कर भरोसा करना महंगा पड़ गया जब व्यापारी ने उसके द्वारा हस्ताक्षर कर दिए गए ब्लेंक चेक को भर कर उसके खाते से बाऊंस करवा लिया। इस संबंध में परेशान किसान श्रीडूंगरगढ़ के गांव सत्तासर निवासी भागीरथ जाट ने लूणकरणसर कृषि मंडी में दुकान करने वाले गांव लिखमीसर दिखणादा निवासी ओमप्रकाश जाट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। भागीरथ जाट ने पुलिस को बताया कि उसने 4 साल पहले आरोपी से 65 हजार रुपए के बीज खरीदे थे एवं नकद भुगतान भी कर दिया था। उस समय आरोपी ने उसे बातों में उलझा कर रूपयों को पक्के में दिखाने के बहाने से उसका खाता लूणकरणसर स्थित ओबीसी बैंक में खुलवा लिया एवं चेकबुक व पासबुक भी जारी करवा ली। उसके खाते में नकद डलवाने एवं चेक से फर्म में खाते में भुगतान करवाने के नाम पर उससे साइन भी करवा लिए। अब 31 जनवरी 2022 को किसान के पास उसके खाते से 2.5 लाख रुपए का चेक बाऊंस होने का नोटिस आया। इस पर उसने आरोपी से सम्पर्क किया तो आरोपी ने उसे ठगने की बात स्वीकार कर ली। किसान भागीरथ जाट ने व्यापारी ओमप्रकाश जाट के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने एवं अपने साईन किए हुए चेक उससे लौटाने की मांग की है।