






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 सितंबर 2024। क्षेत्र के गांव माणकरासर में 19 वर्षीय महिला कबड्डी का फाइनल मैच गुरूवार को खेला गया। रोमांचक मैच में राउमावि लखावर की खिलाड़ी आदर्श हाई स्कूल तिलकनगर की टीम पर भारी पड़ी। लखावर की खिलाड़ी छात्राओं ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जिला जीत लिया। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब आईना लखावर ने हासिल किया। विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। समापन समारोह में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश प्रजापत ने खिलाड़ियों को नियमित खेल का अभ्यास करने व राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य पूनमचंद भार्गव व प्रबोधक गौरीशंकर जोशी ने सभी अतिथियों व खिलाड़ियों सहित खेल सहयोगी शिक्षकों का आभार जताया। जोशी ने ग्रामीणों के सहयोग के लिए खूब आभार जताते हुए गांव की सामूहिकता को प्रेरणीय बताया। समारोह के मंच पर पीईईओ पुष्पा कोली, व्याख्याता छैलूदान चारण, शिक्षक गोपाल शर्मा सहित अनेक मौजिज ग्रामीण मौजूद रहें।
ग्रामीणों ने दी सामूहिक सेवाएं, खीर, हलवे के साथ खिलाए देशी व्यजंन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माणकरासर में जिले भर से कुल 31 टीमें पहुंची जिनमें करीब चार सौ खिलाड़ी शामिल थे। पूरे गांव ने मिलकर मेजबानी की और एकजुट होकर आयोजन की व्यवस्थाओं को संभाला। सभी खिलाड़ियों सहित अतिथियों की भोजन व्यवस्था ग्रामीणों की ओर से स्कूल में थी। जिसमें एक से बढ़कर एक देशी व्यजंन खिलाड़ियों को परोसे गए। रामस्वरूप पूनिया व मघाराम ने बताया कि ग्रामीण खेल प्रेमियों ने बालिकाओं के रहने सहित चाय पानी की व्यवस्था अपने निजी आवासों पर की और उत्तम व्यवस्था से बालिकाएं भी गद्गद हो गई। ग्रामीणों ने परिवार की बेटी की तरह बालिकाओं को लाड प्यार से रखा जिसकी सराहना सभी आयोजकों ने भी की। आयोजन को लेकर गांव की सामूहिक सेवाओं को देखकर जिला से आए अधिकारी भी दंग रह गए और ग्रामीणों के सहयोग की प्रशंसा की।








