






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 सितंबर 2024। जिला स्तरीय मलखंभ छात्रा वर्ग प्रतियोगिता का फाइनल लगातार तीसरी बार कस्बे की दयानंद विद्या निकेतन उमावि की छात्राओं ने जीत लिया। फाइनल मुकाबले में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए बालिकाओं ने खाजूवाला की टीम को हराया। गुरूवार शाम आयोजित समापन समारोह में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने कहा कि शक्ति संतुलन व लचीलेपन के इस पारंपरिक खेल को युवा वर्ग सहेज रहा है और श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है ये सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा मलखंभ को आत्मविश्वास व समर्पण का खेल बताया। विशिष्ट अतिथि थानाधिकारी इंद्रकुमार ने मलखंभ के आयोजनों को बढ़ावा देने युवा वर्ग को इससे जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा इससे युवाओं में शारीरिक व मानसिक मजबूती आएगी जिससे वे समाज के लिए अधिक उपयोगी नागरिक साबित होंगे। समारोह में स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। संस्था के संचालक सुभाषचंद्र शास्त्री ने अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में जेपीएस स्कूल के संचालक कुंभाराम घिंटाला, आर्यस्थली विद्यापीठ के संचालक अमित आर्य, एडवोकेट रणवीरसिंह खिंची, मदर के डी स्कूल के संचालक प्यारेलाल, प्रभुसिंह राजपुरोहित, बजरंग शर्मा, सुगना राजपुरोहित, सीताराम, जेठमल, सुमित, सुमन, ज्योति रानी, डॉ विनोद चौधरी, कन्हैयालाल, लक्ष्मण, उर्मिला चौधरी सहित अनेक मौजिज नागरिक शामिल हुए। आयोजन समिति ने आयोजन की सफलता के लिए सभी शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों का आभार जताया।



