






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 जुलाई 2022। श्रीडूंगरगढ़ थाने में शुक्रवार शाम को एक युवक ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करवाई और पुलिस ने जांच करते हुए शनिवार को उसका खुलासा भी कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गुमशुदा युवती परिवादी युवक की पत्नी थी ही नहीं ओर लिव इन में रहती थी। हैड कांस्टेबल आवड़दान ने बताया कि घड़सीसर का निवासी सुनील नायक इन दिनों गांव बाना में कृषि कुआं बुवाई पर लेकर रह रहा है। उसने शुक्रवार को अपनी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। जिसमें उसने बताया कि उसकी पत्नी लाली गत दिनों 8 जुलाई को घड़सीसर से रुपये गहने लेकर बाना आने के लिए रवाना हुई थी लेकिन बाना नहीं पहुंची। विवाहिता की गुमशुदगी पर पुलिस सक्रिय हुई तो वह युवती गांव बाना में ही अपने प्रेमी के घर से दस्तयाब कर ली गई है। इस मामले में जांच की गई तो पता चला कि गांव लिखमादेसर निवासी लाली नायक का बाल विवाह आलसर में हुवा था लेकिन वह बड़े होने पर अपने ससुराल नहीं गई। बाद में वह घड़सीसर निवासी सुनील नायक के साथ लिव इन में रहने लगी और इसी दौरान वह गांव बाना निवासी हेतराम नायक के संपर्क में आई। पिछली तारीख को वह घड़सीसर से सुनील नायक के घर आने के बजाय उसके साथ 4 साल के लिव इन रिश्ते को छोड़ कर हेतराम नायक के घर चली गई। युवती को शनिवार को हेतराम नायक के घर से ही दस्तयाब किया गया और एसडीएम के सामने पेश किया गया। जहां से उसने अपने प्रेमी हेतराम के साथ जाने की बात कही। इस पर प्रसाशन ने उसे भेज दिया।




