






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 मई 2025। गर्मी के मौसम में पानी की परेशानी से एक व्यक्ति नहीं वरन उसका पूरा परिवार व गांव बेहाल हो उठते है। क्षेत्र के गांव धोलिया में गत एक सप्ताह से गांव के तीनों ट्यूबवेल बंद है और पानी की किल्लत से ग्रामीण परेशान हो उठे है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से समस्या से निजात दिलवाने की पुकार कर रहें है। घरों में टैंकरों से तो गांव की गुवाड़ में बेसहारा पशुधन के लिए दानदाता खेलियां भरवा कर पेयजल की व्यवस्था कर रहें है। सार्वजनिक खेलियों पर सैंकड़ों की संख्या में पशुधन पेयजल किल्लत से बेहाल हो रहें है। गांव के युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा ने बताया कि तीनों ट्यूबवेल ठीक है परंतु ठेकेदार द्वारा 10 माह से संविदा कार्मिक का पैंमेंट भुगतान नहीं दिया गया है। जिससे परेशान कार्मिक ने ट्यूबवेल चलाना बंद कर दिया है। विभाग के ठेकेदार व संविदा कार्मिक में ठन गई है और इससे गांव में पेयजल संकट खड़ा हो गया है। जिससे पूरा गांव परेशान हो रहें है। गोदारा सहित ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तुरंत समाधान किए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग के जिम्मेदार फोन नहीं उठा रहें है और बीकानेर के आला अफसर समाधान का आश्वासन दे रहें है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर पानी नहीं दिया गया तो ग्रामीण श्रीडूंगरगढ़ पहुंचकर जलदाय विभाग का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे।






