






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 दिसंबर 2024। सोमवार रात को दो बजे नौ आरोपी घर के बाहर पहुंचे और फायर करते हुए गेट तोड़कर घर में घुसने, छान, कपड़े माचा जलाकर राख कर देने का आरोप लगाते हुए एक परिवादी ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया है। गांव जालबसर निवासी 62 वर्षीय काशीराम पुत्र पेमाराम जाट ने इसी गांव के राजूराम पुत्र नत्थूराम व नत्थूराम की पत्नी, पोमु व शीशपाल पुत्र मालाराम जाट, सहित पांच अन्य के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका घर गांव में ही है और सोमवार रात करीब 12 बजे राजूराम ने उसे फोन किया और 1 बजे घर आने की बात कही। आरोपी रात करीब 2 बजे बोलेरो गाड़ी लेकर उसके घर आए। घर के सामने गाली गलौच करते हुए पिस्तौल से दो फायर किए। आरोपियों ने एकराय होकर गेट तोड़कर घर में घुसे और एक छान में आग लगा दी। आरोपियों ने घर में पड़े लकड़ी के पिंजरे को तोड़ दिया। दो दिन पूर्व गांव के रामचंद्र जाट से 50 हजार रूपए लिए जो इस पिंजरे में रखे थे वे रूपए जोर जबरदस्ती छीन लिए। आरोपियों ने कपड़े व माचे को जलाकर राख कर दिया और जान से मारने की बात कही तो परिवादी डर के मारे बाड़ कूद कर पड़ौस के घर से बाहर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई रविंद्र सिंह को दी है।



