May 21, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2024। अपना खेत काश्त करने गए एक परिवार के साथ उसकी जमीन दबाने वाले खेत पड़ौसी ने खेत में घुसकर मारपीट की व खेत से चले जाने की धमकी दी। रीड़ी निवासी 50 वर्षीय मुन्नीराम पुत्र मालाराम मेघवाल ने इसी गांव के सीताराम पुत्र किशनाराम, गोपालराम, नानूराम, पेमाराम, हरिराम पुत्रगण टोडारराम जाट के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि रीड़ी की रोही में स्थित अपने खेत में 2 जुलाई 2024 को वह अपनी पत्नी, भतीजे व लालाराम सहू के साथ खेत का बिजान करने पहुंचा तो आरोपी उसके खेत में घुसे और मारपीट करते हुए जातिसूचक गाली गलौच किया। परिवादी की पत्नी से बदसलूकी की और खेत से चले जाने की धमकी दी। परिवादी मुकदमा दर्ज करवाने आने लगे तो आरोपी पेमाराम ने ओमप्रकाश जाखड़ को साथ लेकर उसके भाई टेमाराम के पास आया। यहां अपनी गलती मानते हुए राजीनामा करने व नुकसान की भरपाई करने की बात कही। सोमवार को सुबह 9 बजे परिवादी गांव की गुवाड़ की ओर जा रहा था और आरोपी उसे देखकर जातिसूचक गालियां देते हुए झूठा आश्वासन देने की बात कही। परिवादी ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया व कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ निकेत पारीक को दी है।