






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अगस्त 2025। स्टेट हाइवे पर गांव ठुकरियासर के पास स्थित कलाना ताल क्षेत्र में सड़क किनारे घनी झाड़ियां उग आई है। इन झाड़ियों में चरने वाले पशु अचानक सड़क पर आ जाते है जिससे वाहनों की चपेट में आकर ये काल का ग्रास बन रहें है। यहां गत छह दिन में छह गौवंश की मौत हो गई है और एक गंभीर घायल हुई है। गौसेवक श्रीभगवान सुथार, सीताराम सुथार, मुन्नीराम मोटसरा, संजू नाई ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बताया कि, इस मार्ग पर स्थित टोल को बिना सड़क चौड़ी किए बैरियर लगाकर टोल वसूली तो खूब की जा रही है परंतु इस टोल रोड का रखरखाव करने में टोल प्रबंधन पूरी तरह से फिसड्डी है। ग्रामीणों ने बताया कि इस पर वाहनों का आवागमन अत्यधिक है और पीडब्ल्यूडी का ध्यान भी इस ओर नहीं है। विभाग व टोल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यहां आए दिन गौवंश की मौत हो रही है। वहीं मृत पशुओं के शव भी टोल कार्मिकों द्वारा नहीं उठवाए जा रहें है। इनसे फैल रही दुर्गंध से यहां आस पास खेतों में काम करने वाले किसान परिवार ही परेशान नहीं हो रहें वरन यात्रियों का गुजरना भी दुभर हो रहा है। मृत पशुओं के शव को सड़क के बर्म पर ही छोड़ दिया जाता है, जिससे रात के अंधेरे में अन्य वाहनों की दुर्घटनाओं की आशंका भी मंडराती रहती है। गौसेवकों ने सड़क के दोनों और सफाई करवाने व मृत पशुओं को यहां से उठवाकर अन्यत्र डलवाने के लिए टोल प्रबंधन को सड़क सुरक्षा के तहत पाबंद करने की मांग प्रशासन से की गई है।







