May 20, 2026
000000000000000

भवन में खाना बनाने आए माँ बेटे की बाइक चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाने में स्वरूपदेसर निवासी 24 वर्षीय मनोज सियाग पुत्र गोपालराम जाट ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 10 दिसंबर की सुबह 9 बजे से 3 बजे के बीच जस्सुसर गेट पड़ाय माताजी भवन में वह अपनी माँ के साथ काम करने आया था। वहीं अपनी मोटरसाइकिल सुबह 9 बजे खड़ी की थी। दोपहर 3 बजे उसने देखा तो उसकी बाइक नहीं मिली। अज्ञात चोर उसकी बाइक ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रणवीरसिंह को दी है।
घर में घुसकर चोरों ने मकान व वाहनों के कागजातों सहित गहने, नगदी किए पार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में सार्दुल कॉलोनी निवासी नरेशापाल सिंह चौहान पुत्र शिवदानसिंह ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच अज्ञात चोरों ने उसके घर में घुसकर 3 जोड़ी सोने के कान के कुंडल, तीन तोले की 1 सोने की चैन, 4 चांदी के गिलास, करीब 10 से 15 हजार नगदी, कार स्कूटर व स्कूटी के कागज, निवास स्थान के पट्टे चोरी हो गए। चोर घर में बाथरूम की खिड़की तोड़ कर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल कन्हैयालाल को दी है।
डॉक्टर के घर घुसे चोर ने गहनों पर किया हाथ साफ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जेएनवीसी थाने में पोकरण, जैसलमेर निवासी डॉ अजयपाल पुत्र बाबूसिंह राजपूत हाल निवासी सुर्दशना नगर बीकानेर ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर को वह ड्यूटी पर गया था और घर में कोई नहीं था। रात के समय किसी अज्ञात चोर ने घर में घुसकर सोने व चांदी के गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने वारदात का मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल भालाराम को सौंप दी है।
बंद मकान में घुसे चोरों ने चुराए गहने, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जेएनवीसी थाने में इसी कॉलोनी में रहने वाले राकेश भार्गव पुत्र नरेंद्र कुमार भार्गव ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह जयपुर गया था और उसके घर पर कोई नहीं था। चोर ने उसके घर को निशाना बनाया और सोने चांदी के गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल राजवीर को दी है।
घर का ताला तोड़, बिखेरा सारा सामान, चुराए नगदी गहने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नाल थाने में जेतपुर, महाजन निवासी गुलाबसिंह पुत्र मालसिंह राजपूत हाल निवासी स्वराज नगर ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 2 दिसंबर से 8 दिसंबर के बीच उसका घर बंद था। जब वह घर पहुंचा तो घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। बेटे के बैग से लेपटोप, 20 हजार नगदी, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, एक मिक्सी, चांदी के सिक्के घर से चोरी हो गए। पुलिस ने चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुभाषचंद को सौंप दी है।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज, हड़प लिए 1 लाख 20 हजार रूपए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लूणकरणसर थाने में शहर के वार्ड 39 निवासी नोपाराम पुत्र किशनाराम कुम्हार ने इसी शहर के निवासी रूपराम पुत्र दलूराम कुम्हार, रूपराम की पत्नी कविता, उसका पुत्र पुनित के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर 1लाख 20 हजार रूपए काश्त ठेके लेने के संबंध में लेकर हड़प लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई रामनिवास को दी है।
कैंपर चालक ने मारी टक्कर, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में कुचोर अगुणी निवासी हरिकिशन पुत्र हरचंद विश्नोई ने एक कैंपर गाड़ी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 8 दिसंबर को कैंपर चालक ने तेज गति व लापरवाही से गाड़ी चलाकर साईड में मोटरसाइकिल के पास खड़े उसके भाई मांगीलाल को व उसकी बाइक को टक्कर मार दी जिससे मांगीलाल गंभीर रूप से चोटिल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल सुरेश को सौंप दी है।