






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जनवरी 2022। यूरिया के लिए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के हर गांव से किसान लगातार परेशान हो रहें है परन्तु कोरोना की तीसरी लहर के कहर में ये यूरिया मेला क्षेत्र की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है। श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति के आगे अलसुबह से भारी भीड़ है और यूरिया की जरूरत बड़ी संख्या में महिलाओं को भी यहां खींच लाई है। ये भीड़ गांवो के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। गांव सांवतसर, तोलियासर, मोमासर, लालासर, देराजसर, जाखासर, बिंझासर, दुसारणा, रिड़ी, सालासर, ऊपनी, पूनरासर में कोरोना पहुँच गया है और ये लापरवाही अन्य गांवो पर भी भारी पड़ सकती है। स्मरण रहें कोरोना की दूसरी लहर के कहर ने क्षेत्र में जो जाने ली थी उस दर्द को आज भी सैंकड़ो घरों में भुलाया नहीं जा सका है। यहां बिना मास्क पहने डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाते नागरिकों की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए व्यापक व्यवस्था की जरूरत है। इस ओर प्रशासन ध्यान देवें व गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करवाए। बता देवें देर रात यहां एक ट्रक यूरिया पहुंचा तो उपखंड अधिकारी ने इसे थाने में खड़ा करवाया। आज दो गाड़ियां यूरिया ओर पहुंचने की सूचना भी है। हालांकि लोग लगातार यूरिया वितरण में गड़बड़ी के आरोप लगा रहें है परंतु कृषि विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ बंटवाने की बात कह रहा है। थाने से गाड़ी को समिति ले जाया गया है व उपखंड अधिकारी से लेकर सभी अधिकारियों को लोगों ने फोन कर दिए है। कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे है और वितरण प्रारंभ करवाया जा रहा है।







