






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जून 2025। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश पासवान के निर्देशन में रविवार अलसुबह 1360 पुलिसकर्मियों ने 1426 स्थानों पर रेड की। आईजी ओमप्रकाश पासवान के अनुसार बीकानेर, श्रीगंगानगर, चुरू व हनुमानगढ़ एसपी के नेतृत्व में समस्त थानों, कार्यालयों, पुलिस लाइन व क्यूआरटी आदि टीमों ने यह रेड की। थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी ने बताया कि बताया कि थाने से तीन टीमें डोमिनेशन की कार्रवाई में एक्टिव रही। एसआई मोहनलाल मीणा की टीम ने तीन वारंट के मामलों का निस्तारण किया। मीणा ने बताया कि कोर्ट के तीन वारंटी मामले निपटाए गए जिसमें लिखमीसर निवासी 30 वर्षीय श्रवणकुमार मेघवाल को गिरफ्तार किया गया। एएसआई राजकुमार की टीम ने बीदासर रोड पर अवैध शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किए। राजकुमार ने बताया कि कालूबास के सागरमल पुत्र रामेश्वरलाल सोनी को गिरफ्तार किया और 40 पव्वे बरामद किए। तीसरी टीम एएसआई ग्यारसीलाल की अगुवाई में निकली और प्रताप बस्ती में आपस में झगड़ते हुए मारपीट पर उतारू हो गए तीन युवक अविनाश, लक्की कुमार व प्रकाश कुमार को पकड़ा।
वहीं पूरे अभियान के तहत स्थाई वारंटियों, उद्घोषित अपराधियों, मफरूर व गिरफ्तारी वारंटी मिलाकर 108 अपराधी पकड़े गए। झगड़ा व शराब पीकर लोक शांति भंग करने व वाहन चलाने वाले 232 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 12 लीटर अंग्रेजी शराब, 145.94 लीटर अवैध देशी शराब, 42 लीटर हथकड़ शराब व 17.25 लीटर अवैध बीयर पकड़ी गई। 16 अपराधियों की गिरफ्तारी करते हुए आबकारी एक्ट के तहत 26 मुकदमें दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त 41.64 किलोग्राम डोडा, 9.86 ग्राम हेरोइन, 932 ग्राम अफीम व 250 ग्राम गांजा पकड़ा गया। इस संबंध में 8 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 9 मुकदमें दर्ज किए गए। आईजी के अनुसार अन्य एक्ट के तहत 24 मुकदमें दर्ज करते हुए 24 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 13126 रूपए की जुआ राशि, एक कापा व डेक स्पीकर भी जब्त किया गया। अलग अलग मामलों 20 वांछितों को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं चुरू पुलिस के वांछित श्योपुरा, राजगढ़ निवासी सुनील कुमार पुत्र ओमप्रकाश जाट को गिरफ्तार किया गया। सुनील पर चुरू एसपी ने दस हजार रुपए का ईनाम घोषित करा हुआ था।



