






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ में आज सुबह मौसम में बदलाव के साथ तेज हवाओं का दौर प्रारंभ हो गया है। नागरिकों ने भीषण गर्मी से राहत महसूस की है। रविवार देर शाम राज्य के कई स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरे है और इससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश-ओलावृष्टि का दौर 3 मई तक जारी रहने के साथ 19 जिलों में आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम अनुमानों के अनुसार 2 से 7 मई तक गर्मी से राहत मिलेगी तथा 7 के बाद राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का दौर प्रारंभ होगा। हमारे क्षेत्र के पश्चिमी जिलों में 7 मई से 11 मई के बीच पारा 49 डिग्री से 51 डिग्री तक होने की संभावना होगी। गर्मी इस बार सवा सौ सालों का रिकॉर्ड तोड़गी और 12 मई से पुन राहत मिल सकेगी।
रविवार देर शाम राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इससे जयपुर, अलवर, भरतपुर, बूंदी और दौसा जिलों में बारिश हुई है। अलवर में बारिश के साथ काफी देर तक ओले भी गिरे। बारिश-ओलावृष्टि से लू व हीटवेव से लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग ने 12 जिलों-जयपुर, दौसा, अलवर, करौली, टोंक, चित्तौड़गढ़,अजमेर ,भरतपुर, नागौर ,सीकर, झुंझुनूं, बूंदी के आसपास हल्की बारिश, बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। साथ ही 30 से 50 किलोमीटर रफ्तार से धूलभरी हवा चल सकती है। नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 3 मई तक प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी और आंधी के साथ हल्की बारिश होगी। 2 मई को भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, दौसा, भरतपुर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ और नागौर में धूलभरी हवा व बारिश की संभावना है। 3 मई को अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, चूरू जिलों में धूलभरी हवा व बारिश हो सकती है।




