






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र का विश्वप्रसिद्ध तोलियासर का बाबा भैरवनाथ का मंदिर आमदिनों में भी श्रद्धालुओं से भरा रहता है वहीं शुक्ल चतुर्दशी और अष्टमी को हज़ारों की तादाद में भक्तों का तांता लगा रहता है। इस बार काफी समय तक कोरोना के कारण मंदिर दर्शनार्थियों के बंद रहा था तो इस चतुर्दशी को भक्तों की कतारें टूट नहीं रही है। हज़ारों की तादाद में श्रद्धालु मंदिर में बाबा के दर्शनों हेतु आ रहे है पर भक्तों की आस्था का फायदा उठा रहे है नकबजन, चोर और चैन स्नैचर। मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ में जहां भक्त हाथ जोड़कर बाबा के दर्शन लाभ ले रहा होता है वहीं ये चोर अपना हाथ साफ कर लेते हैं। कुछ वर्षों बसे यह मंदिर प्रशासन के अधीन है फिर भी इतनी भीड़ में प्रशासन की तरफ पुलिस का एक जवान तैनात नहीं है। मंदिर परिसर में चारों तरफ सीसीटीवी लगे हुए है पर पुलिस प्रशासन की सुस्ती चोरों के लिये एकदम सही है। पहले मंदिर में ऐसे बड़े आयोजनों और भीड़ में ग्रामीण लोग अपनी कमेटी बनाकर सब व्यवस्था को चाक -चौबंद रखते थे। गांव के युवा कार्यकर्ता सब जगह प्रत्येक व्यवस्था को संभालने में लगे रहते थे पर प्रशासन के जिम्मे आने के बाद यहां पर किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
मंदिर परिसर के अंदर से लेकर बाहर तक छोटे बच्चों के साथ भीख मांगती औरतों से श्रद्धालु काफी हद तक परेशान हो रहे हैं। मंदिर परिसर में कोरोना गाइडलाइन के अनुसार प्रशासन द्वारा कोई माकूल व्यवस्था नहीं की गई है। वहां न तो सेनेटाइजर लगवाया गया है और ना ही भीड़ को व्यवस्थित करने की कोई माकूल व्यवस्था है। आज इसी भीड़ में दो महिलाओं के गले से सोने की चैन तोड़ ली गई। कस्बे के आडसर बास निवासी नानीबाई पत्नी तोलाराम गुरावा और पूजा डागा के गले से सोने की चैन तोड़कर महिला चोर अपना हाथ साफ कर गई। जिसे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है।






