






सहकारी समिति व्यवस्थापकों ने रखी कलम बंद, किया प्रदर्शन, कलेक्टर को दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर राजस्थान सहकारी कर्मचारी सयुंक्त संघर्ष समिति के बैनर तले जिले के व्यवस्थापकों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए, लंबित मांगों की सुनवाई करने की मांग लेकर सीएम के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया। सहकारी सोसायटियों में पैन डाउन हड़ताल रखी गई जिससे किसान परेशान हुए। जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सारण ने बताया कि सहकारी समिति व्यवस्थापकों द्वारा सरकार से कैडर अथॉरिटी का गठन करने, कार्मिकों का नियमितीकरण करने, बैंक भर्ती में आरक्षण देने, बैंक ऋण पर्यवेक्षक के पदों पर चयन प्रक्रिया में पदोन्नति दिए जाने की मांग की जा रही है। उपाध्यक्ष रामनिवास नैण ने बताया कि बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट पर उग्र प्रदर्शन किया गया और आगामी दिनों में आंदोलन तेज किया जाएगा। कोषाध्यक्ष महावीर सोनी ने बताया कि 6 अगस्त 2025 से लगातार शासन और प्रशासन से ध्यान देने की मांग की जा रही है परंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कार्मिकों में रोष है। सदस्यों ने स्पष्ट किया है कि 28 फरवरी 2026 से शुरू हुआ यह कार्य बहिष्कार अनिश्चितकालीन हो सकता है। जिससे किसान वर्ग खासा परेशान होगा। इस दौरान लिखमाराम, गोविंद, सुखवीर सिंह, राजू मोहमम्द अली, भूपेंद्र सिंह भाटी, इब्राहीम खां, दिलीप सिलू, राजू सिंह भाटी, देवीलाल बिजारणियां, सुखदेव फंडा, राजेश कुमार, जुनस अली, मोहमम्द शरीफ, श्रवण सिंह, अशोक कुमार, बीरबल ज्यानी, बनवारी लाल, हनीफ खान, भानुप्रताप सिंह भाटी, सोहनलाल खिलेरी, धर्माराम, रामदेव, रामकुमार सहित 125 कार्मिक मौजूद रहें।

सूडसर उपतहसील क्षेत्र के पांच गांवों में कल निकलेगी हिन्दू धर्म यात्रा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल पक्ष हिन्दू नववर्ष की प्रतिपदा तिथि एवं नवसंवत्सर पर गुरुवार को उपतहसील सूडसर के पांचों गांवों में हिन्दू धर्म यात्रा निकाली जाएगी। हिन्दू नववर्ष सेवा समिति से मिली जानकारी के अनुसार हिन्दू धर्म यात्रा सुबह सवा नौ बजे टेऊ ठाकुरजी मंदिर से प्रारंभ होकर सूडसर, देराजसर, गोपालसर, दुलचासर से होते हुए सूडसर बाजार से होकर सूडसर हनुमानजी मंदिर में जाकर विसर्जन होगी। सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं से धर्म यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है। इस संबंध में समिति सदस्यों ने वाचनालय सूडसर में समीक्षा बैठक हुई और यात्रा को लेकर तैयारियां को अंतिम रूप दिया।

हिन्दू नवसंवत्सर पर होगा नौ दिवसीय रामलीला का मंचन, सजा रामलीला का पांडाल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सूडसर उपतहसील क्षेत्र के गांव टेऊ की मुख्य चौपाल पर हिन्दू नवसंवत्सर पर नौ दिवसीय रामलीला का मंचन होगा। रामलीला मंचन व प्रबंधन समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत की सुप्रसिद्ध धर्म प्रचारक रामलीला मंडल काशी बनारस जय मां भवानी श्री रामायण प्रचारक मंडल के कलाकारों द्वारा गुरुवार को हिन्दू नववर्ष एवं नये विक्रम संवत 2083 की प्रतिपदा तिथि से लेकर नवमी तिथि वार शुक्रवार तक नौ दिवसीय रामलीला का मंचन किया जाएगा। रामलीला का मंचन रात को 7.30 बजे से 10.30 बजे तक होगा। इस रामलीला मंचन के लिए टेऊ चौपाल में पांडाल लगाया गया है और बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
श्रीगोपाल गौशाला में हवन अनुष्ठान व गौपूजन हुआ संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को गांव दुलचासर स्थित श्रीगोपाल गौशाला में विधि विधान से हवन अनुष्ठान के साथ गौपूजन संपन्न किया गया। पंडित पूनम जाजड़ा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न करवाया गया, जिसमें श्याम सुंदर मूंदड़ा, शिवरतन मोहता, भागीरथ महिया, सपत्नीक शामिल हुए। सचिव रेवंतसिंह पड़िहार ने बताया कि नेहा, शकुंतला मोहता प्रवासी मुंबई ने गौवंश के लिए गुड़, खल मूंग का भंडारा भोग लगाया। धनराज महिया, पन्नेसिंह पड़िहार, बजरंगलाल सुथार, मुरलीधर मूंदड़ा, बाबूलाल मूंदड़ा, नत्थूराम सुथार ने भी गुड़, खल इत्यादि की सेवा दी। गौशाला समिति ने सभी दानदाताओं का आभार जताया।




