






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अप्रैल 2021। बाबा साहेब ने जो जागरूकता की अलख जगाई उन्हीं बाबा साहेब की जयंती की पूर्व संध्या पर धीरदेसर चोटियान के गोविंद का बास के मेघवाल समाज के नागरिकों ने अपने समाज के लिए एक कदम सुधार की ओर बढ़ाते हुए सदाचार की संहिता बनाई। परमेश्वर लाल बारोटिया ने बताया कि बैठक में समाज के मौजिज लोग शामिल हुए और युवाओं को नशा नहीं करने की प्रेरणा देते हुए कुछ नियम बनाए गए। बैठक में तय किया कि मोहल्ले में युवा शराब पी कर नहीं घूमेंगे और
नशे में गाली गलौच नहीं करेंगे। रात्रि 10 बजे बाद मोहल्ले के चौराहों पर या गलियों में जमघट लगा कर कोई हथाई नहीं की जाएगी। मोहल्ले के आम रास्तों पर हॉर्न बजाते हुए तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल नहीं दौड़ाएंगे। सभी ने इन मुद्दों पर खुल कर चर्चा की व सर्वसम्मति से लागू किया। इस आचार संहिता के उल्लंघन पर समाज के जागरूक नागरिकों ने कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही है। बैठक में रुघाराम, गिरधारीलाल, हुनताराम, ताजाराम, दुलाराम, गोपीराम, मामराज, चुन्नाराम, भंवरलाल, उत्तम सहित कई युवाओं ने भाग लिया।





