May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जुलाई 2022। आस पास की खास खबर में खबर गंगाशहर थाना क्षेत्र से आई है जिसमें तीन युवकों ने अपने प्राण गवां दिए है। यहां गांव उदयरामसर के पास देर रात एक ट्रेलर ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने नाकाबंदी कर नोखा के पास पकड़ लिया है। गंगाशहर एसएचओ लक्ष्मणसिंह राठौड़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा देररात करीब ढाई बजे उदयरासर के पास धारणिया पेट्रोल पंप के पास हुआ। तेज गति से आए ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार उदयरासर निवासी अरबाज 25 पुत्र भंवर खां एवं दिनेश 21 पुत्र जगदीश मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उदयरासर निवासी शाहरुख 22 पुत्र भंवरु खां ने पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने नोखा व देशनोक के पास नाकाबंदी कराई। ट्रेलर को नोखा के पास पुलिस ने पकड़ लिया।
सरपंच ने की पहचान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एसएचओ राठौड़ ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर उदयरासर सरपंच पीबीएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने तीनों मृतकों की पहचान की। परिजनों को सूचित किया गया। शुक्रवार को दिन में शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस संबंध में परिजनों की रिपोर्ट के बाद ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। चालक केकड़ी निवासी महेन्द्र को राउंडअप किया गया है।