May 20, 2026
00000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जून 2024। सरकार द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर उनकी उपज खरीदने के बाद उपज की रकम नहीं मिलने से क्षेत्र के अनेक किसान परेशान हो रहें है। क्रय विक्रय सहकारी समिति की ओर से सरसों की खरीद की गई। परंतु कार्मिकों की लेटलतीफी के कारण अभी तक किसानों को भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। अधिकांशत: तीसरे दिन भुगतान होने के दावों के बीच यहां करीब तीस दिन बाद भी किसान भुगतान के लिए चक्कर काट रहें है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल से सरकारी समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीद शुरू हुई थी और सरसों की अंतिम तुलाई 28 मई को हुई थी। सरसों की एमएसपी रेट 5,650 रुपये से क्षेत्र में कुल 36 हजार 563 बैग की खरीद हुई थी। अब क्षेत्र में सरकारी खरीद पर सरसों तुलवा चुके करीब 70 से अधिक किसान अपने भुगतान का इंतजार कर रहें है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वेयर हाउस में माल पहुंचने के बाद डब्ल्यू आर जमा होने पर किसानों को भुगतान देने की प्रक्रिया शुरू होती है। लेकिन अभी तक कई किसानों का माल वेयर हाउस तक पहुंचा ही नहीं है और कई किसानों के माल की वेयर हाउस रिसिप्ट जमा नहीं हुई है। इस प्रक्रिया में देरी के चलते किसानों का भुगतान अटका हुआ है।
मुख्य व्यवस्थापक गौरव जैन ने बताया कि “सरसों के 518 बैग अभी तक वेयर हाउस नहीं भेजे गए है और बची हुई सरसों को शीघ्र ही वेयर हाउस भेज दी जाएगी।“
वहीं राजफैड के क्षेत्रीय अधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि “2193 बैग का वेयर हाउस रिसिप्ट (डब्ल्यू आर) उन्हें नहीं मिला है। वे कार्रवाई पूरी होते ही भुगतान कर देंगे।“

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसानों का तुला हुआ माल रखने का स्थान खाली पड़ा है।