May 20, 2026
0000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मई 2025। गांव में किसी प्रसूता की डिलेवरी हो या तापघात से परेशान मरीज को कूलर चलाना हो, किसी परीक्षार्थी की तैयारी का समय हो या घर में कोई मांगलिक कार्य हो, बुजुर्ग या बच्चे से गर्मी से बेहाल हो या बिजली संबंधित अन्य कोई कार्य करना हो, इन सभी का सामना ग्रामीण लगातार गर्मी व अंधेरे से जूझते हुए ही कर रहें है। क्षेत्र के गांव सुरजनसर में गत वर्षों से लगातार ग्रामीण बिजली संकट से जूझ रहें है। गत वर्षों में ग्रामीणों ने एक भी दिन पूरी बिजली नहीं देखी है। बिजली नहीं रहना ही अपनी किस्मत मानकर आमजन परेशानी में दिन काट रहें है। गांव की केबल जीर्ण शीर्ण हो चुकी है और करीब डेढ़ वर्ष पहले 34 पोल के तार बदलने का प्रस्ताव भी विभाग ने तैयार कर लिया। परंतु उसके बाद ग्रामीणों ने गांव से लेकर उपखंड स्तर की जनसुनवाई तक कई बार समस्या उठाई परंतु हर बार आश्वासन तो मिलता रहा, पर समाधान अभी भी ठंडे बस्ते में ही है। इस पुरानी व खस्ता हाल लाइन के कारण तेज हवा, बारिश या बिना वजह भी प्रतिदिन गांव में कई स्थानों पर फाल्ट आते है। तार कहीं ना कहीं से फाल्ट होते रहते है और फिर शुरू होती है फाल्ट निकलवाने के लिए मशक्कत, विभाग समय पर सुनवाई नहीं करता और सरपंच सहित ग्रामीण जनप्रतिनिधि प्रयास कर करके बेहाल हो जाते है।
वोल्टेज बना समस्या, आए दिन उपकरण हो रहें खराब।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव में वोल्टेज भी एक बड़ी समस्या बन गई है। डाउन वोल्टेज के कारण आए दिन घरों में बिजली उपकरण जलकर खाख होने की शिकायतें आती है। ग्रामीणों ने बताया कि सुरजनसर ग्राम पंचायत पूर्व में आड़सर जीएसएस से जुड़ा था। तब समस्या इतनी विकराल नहीं थी। वहीं अब गत वर्षों से सुरजनसर को धीरदेसर जीएसएस से जोड़ दिया गया। तभी से गांव में वोल्टेज की समस्या भी खड़ी हो गई है। हमें ना बिजली मिलती है ना ही वोल्टेज। सुरजनसर के सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि हम लगातार गांव की जीर्ण र्शीण केबल बदलने की मांग कर रहें है। सुरजनसर के ग्रामीण चाहते है कि हमारा गांव पुन: आड़सर जीएसएस में जोड़ दिया जाए या फिर धीरदेसर जीएसएस पर पॉवर ट्रांसफार्मर लगवाया जाए जिससे सुरजनसर को वोल्टेज मिल सकें। गांव के बुजुर्ग व युवा ग्रामीण ऊंकारमल शर्मा, लालचंद शर्मा, निराणाराम शर्मा, रामकुमार मेघवाल, हुकमाराम मेघवाल, पोकरराम मेघवाल, ऊमाराम मेघवाल, बिरमाराम मेघवाल, मालाराम मेघवाल, दीपूराम शर्मा, भैराराम सुथार, प्रेमाराम शर्मा, भंवरलाल शर्मा, रामकिशन शर्मा ने भी नाराजगी जताई व सुनवाई किए जाने की मांग की। इन्होंने बताया कि हमारे गांव की बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए हमने कितनी बार गुहार लगाई है। परंतु अब शीघ्र ही ग्रामीण कड़े कदम उठाएंगे।