May 21, 2026
6e6f399e-26b7-4246-9c3a-400d3f471721

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 दिसम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में कालू रोड स्थित सनातन श्मशान में सोमवार को जब तीन चिताएं एक साथ जली तो हर आंख से आंसू छलक गए। हर एक का गला निःशब्द था और एक-एक हृदय से प्रार्थना ईश्वर तक पहुंच रही थी कि भगवान ऐसा दुख कभी ना दे, किसी को ना दे। रविवार रात को नेशनल हाईवे पर गांव सातलेरां एवं बिग्गा के बीच हुए हादसे में कस्बे के कालूबास निवासी रामचंद्र मोट, रमेश माली, भंवरलाल पुरोहित एवं जैसलसर निवासी हरिराम जाट की मृत्यु हो गई थी। चारों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर सोमवार सुबह परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया और गमगीन माहौल में कालूबास के तीनों शवों को घर ले जा कर सनातन परंपरा के अनुसार अंतिम यात्रा निकाली गई। तीनों मृतक एक ही मोहल्ले के एवं आस पास की गलियों के ही निवासी थे। तीनों घरों से उठे चीत्कार से पूरा मोहल्ला ही शोकाकुल हो गया व बड़ी संख्या में शहरवासी भी इन अंतिम यात्राओं में शामिल हुए। तीनों अंतिम यात्राएं एक-दो मिनिट के अंतर से शमशान पहुंची तो वहां मौजूद हर व्यक्ति का मन दहल उठा।

खड़ी पिकअप में मारी थी ट्रक ने टक्कर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस संबध में मृतक रामचंद्र के भाई रमेश मोट ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। रमेश ने पुलिस को बताया कि उसका भाई सीकर से लौट रहा था एवं रास्ते में सातलेरा जीएसएस के पास साधन के इंतजार में खड़े हरिराम एवं अन्य के पास रोक कर बात करने लगा। तभी श्रीडूंगरगढ़ की ओर से जा रहे ट्रक ने उनकी खड़ी पिकअप एवं वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी। ट्रक चालक घटना के बाद मौके पर ही अपना ट्रक छोड़ कर भाग छूटा। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ तेज एवं गफलत से वाहन चला कर टक्कर मारने का मामला दर्ज कर लिया व जांच थानाधिकारी अशोक विश्नोई करेंगे।

हरिराम जाट
रामचंद्र मोट
भंवरलाल पुरोहित
रमेश माली