






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जून 2025। गांव मोमासर से लाछड़सर के बीच एक सीमेंट के कट्टों से भरा ट्रक दो दिन से फंसा खड़ा है। ट्रक चालक बुरी तरह से परेशान हो गया है। वह दुबारा इस सड़क से नहीं आने की कसमें खा रहा है। करीब 40 साल से भी अधिक पुरानी ये सड़क पूरी तरह से टूट फुट गई है। यहां मोमासर से करीब 1.5 किलोमीटर दूर 132केवी जीएसएस के सामने ही बरसात से मिट्टी का भारी कीचड़ हो गया है। जहां से छोटी गाड़ियां तो निकलने का सवाल ही नहीं बड़ी गाड़ियां भी फंसने लगी है। मोमासर से लाछड़सर सहित इस रोड से होकर हाइवे पकड़ने वाले सभी छोटी गाड़ियों के सवार तो अपनी गाड़ी घुमाकर भाणुदा-पाबूसर मार्ग या आड़सर श्रीडूंगरगढ़ होकर रतनगढ़ की ओर जा रहें है। लोगों को कई किलोमीटर की अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ रही है। इससे समय व धन का दुरूपयोग होने के साथ लोग खासे परेशान भी हो रहें है। विदित रहें लंबे समय से ग्रामीण सरदारशहर रोड पर स्थित आड़सर वाया मोमासर लाछड़सर नेशनल हाइवे 11 से सड़क निर्माण की मांग कर रहें है। गांव के अनेक व्यापारी, भामाशाह व हजारों ग्रामीण इस रोड की मांग नेताओं से लेकर मंत्रियों तक कर चुके है। पूर्व प्रधान मेघाराम मेघवाल, हरिराम बेरा, बीरबल पूनियां, प्रह्लाद भामूं, दौलतराम सारन, दुलाराम पूनियां व जगदीश बैरा ने बताया कि बहुत अधिक टूट जाने से यहां आने जाने वाली गाड़ियां फंस रही है। आमजन बुरी तरह से परेशान हो रहा है और प्रशासन हरगिज इस सड़क की सुध नहीं ले रहा है। मेघाराम ने बताया कि ये टूटी फूटी सिंगल रोड आवाजाही के लिए खतरों की सड़क बन गई है। सड़क के लिए बजट में घोषणा भी की गई परंतु राजनीतिक व सरकारी स्तर पर उपेक्षा की जा रही है।
बजट 2025 में हुई घोषणा, ग्रामीण कर रहें शीघ्र बना देने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विदित रहे बजट 2025 में विधानसभा में क्षेत्र में 51 करोड़ में 51 किलोमीटर सड़क नकोदेसर से जालबसर, उदरासर, आड़सर, मोमासर व लाछड़सर होते हुए जिला सीमा तक घोषणा की गई। इस घोषणा के बाद ग्रामीणों को इस सड़क के निर्माण की आस भी जागी परंतु विभागीय लेट लतीफी से पीड़ा भोग रहें है। गांव मोमासर की करीब 18000 की आबादी व गांव लाछड़सर की करीब 10 हजार की आबादी लगातार इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहें है। इसके निर्माण से गांव आड़सर, लालासर की रोही, मोमासर, लाछड़सर व जोरावरपुरा सहित अनेक गांवो के हजारों ग्रामीण सीधे लाभान्वित होंगे।






