






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2024। अवैध खनन पर लगाम कसने के चुनावी माहौल में खनन विभाग भी रविवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक्टिव नजर आया। विभाग द्वारा 33 टन से अधिक अवैध सिलिका के साथ ट्रक जप्त कर 1 लाख से अधिक का जुर्माना लगाते हुए श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया हैं। पुलिस ने प्राप्त जानकारी के अनुसार खनन व भू-विज्ञान विभाग की अधिकारी संतोष ने रविवार दोपहर बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ की ओर आ रहे ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली। ट्रक में 33.80 टन सिलिका सेंड भरी हुई थी। चालक व परिचालक के पास इसकी रॉयल्टी पर्ची नहीं मिली इस पर अधिकारी ने ट्रक जप्त कर श्रीडूंगरगढ़ थाने में खड़ा करवाया। चालक पर 1,37,180 रुपए की पैनल्टी लगाई। ट्रक मालिक राधादेवी पत्नी नेमीचंद पड़िहारा निवासी रतनगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया। मामले की जांच हैडकांस्टेबल हरिराम को दी गई है।



