






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 नवंबर 2025। सर्दियों के दिनों में भी अंचल के गांव सेरूणा में करीब पांच हजार की ग्रामीण आबादी पेयजल समस्या से जूझ रहें है। ग्रामीणों ने सरपंच की अगुवाई में कल से धरना देने की चेतावनी दी है।
सरपंच मंजू कंवर ने प्रशासन से गांव में पेयजल व्यवस्था सुचारू करवाने की मांग की है। उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देते हुए सरपंच प्रतिनिधि रणवीर सिंह ने बताया कि गांव में माताजी मंदिर के पास स्थित पंप हाऊस का ट्यूबवैल दो माह से बंद पड़ा है और गांव की आधी आबादी पेयजल के लिए तरस रही है। ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाए। ग्रामीणों ने बताया कि नई केबल, मोटर के अभाव में ये ट्यूबवेल बंद पड़ा है। विभागीय अधिकारियों से अनेकों बार मांग करने के बाद भी इसे चालू नहीं किया जा रहा है। लोक समता समिति के अध्यक्ष भरतसिंह राठौड़ ने कहा कि नाराज ग्रामीण शुक्रवार तक समस्या का समाधान नहीं होने पर हाइवे पर बैठ कर धरना देंगे। उन्होंने एसडीएम से मामले में दखल देते हुए समस्या का समाधान करवाने की मांग की है।



