






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मई 2026। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का भविष्य एवं युवा दोनों ही नशे के तस्करों के लालच में खतरे में पड़ गए है। क्षेत्र में अब केमिकल नशे की धरपकड़ के आए दिन सामने आ रहे मामलों के बाद क्षेत्रवासियों को सावधान होने की स्थिति आ गई है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा की पहल पर चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत श्रीडूंगरगढ़ पुलिस भी ताबड़तोड़ कार्रवाही कर रही है एवं शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने नशीली गोलियों के बड़े जखीरे के साथ दो युवकों को गिरफ़्तार किया है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नशे की पूर्णतया रोकथाम के लिए टीम तत्परता से कार्रवाही कर रही है एवं मुखबीरों की सक्रियता से लगातार बड़ी कार्रवाहियों को अंजाम दिया जा रहा है। शनिवार को एसआई रतनलाल की अगुवाई में एएसआई रामस्वरूप, कांस्टेबल पुनीत, चंद्रपाल, महेश, कैलाश, अशोक, ड्राईवर रामनिवास ने मुखबीर की सूचना पर बीदासर रोड़ पर नाकाबंदी की एवं एक मोटरसाईकिल पर दो संदिग्ध युवकों को रूकवाया। दोनो युवकों के पास से नशीली मेडिकल गोलियों का जखीरा बरामद किया गया। युवकों की पहचान गांव रीड़ी निवासी दीनदयाल जाखड़ एवं बाडेला निवासी रफीक शफी के रूप में हुई है एवं युवकों से 15,600 गोलियां अल्प्राजोलम एवं 1980 ट्रोमाडोल गोलियां जब्त की गई है। दोनों युवकों को गिरफ़्तार किया गया है एवं उनकी बाईक भी जब्त कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
कांस्टेबल पुनीत की मुखबीरी से हो रही लगातार कार्रवाइयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में इन दिनों नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ की जा रही कार्रवाइयों एवं पुलिस सफलता में कांस्टेबल पुनीत के मुखबीरों की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आ रही है। पुनीत की मुखबीरी पुलिस दल की आंख-कान बन रही है एवं श्रीडूंगरगढ़ पुलिस लगातार नशे पर अंकुश के लिए प्रभावी कार्रवाइयां कर रही है।
मेडिकल सेवाओं के नाम पर नशा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नशीली टेबलेट के साथ पकड़े गए दोनों युवक मेडिकल सेवा के नाम पर युवाओं को नशा उपलब्ध करवा रहे थे। युवक रफीक एक निजी चिकित्सालय में सेवाएं दे रहा है, वहीं युवक दीनदयाल जाखड़ का धर्मास में मेडिकल स्टोर है। यह दवाएं मस्तिष्क एवं तंत्रिका तंत्र को धीमा कर नशे का अहसास करा देती है, लेकिन नशे के रूप में लगातार सेवन से सांसे धीमी होने, शराब के साथ लेने से सांसे रूक जाने, सोचने-समझने की क्षमता खो देने, गंभीर डिप्रेशन एवं मतिभ्रम की स्थिति आ जाने, यादाश्त कमजोर हो जाने जैसे गंभीर बुरे असर देखने को मिलते है। इसके सेवन से ऐसी चीजें दिखने एवं सुनने लग जाती है, जो वास्तविकता में होती ही नहीं है। सुत्रों के अनुसार यह मेडिकल नशा क्षेत्र में बड़ी तेजी से पांव पसार रहा है एवं बड़ी संख्या में युवा इसके आदी हो गए है। ऐसे में शनिवार को पकड़ा गया जखीरा क्षेत्रवासियों के लिए चेतावनी है, कि वे अपने परिवार के सदस्यों, युवाओं पर लगातार ध्यान रखें और साथ रखें।




