May 20, 2026
000000000

बैंक में केसीसी का ब्याज जमा करने आए बुजुर्ग को लौटाए खोए हुए रूपए, जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवार सुबह बिग्गाबास रामसरा से 75 वर्षीय किसान जियाराम जाखड़ राजस्थान ग्रामीण बैंक की घूमचक्कर शाखा में रूपए जमा करवाने आए। जाखड़ केसीसी की ब्याज राशि बैंक में जमा करवाते, उससे पहले ही रूपए कहीं आम सड़क पर गिर गए। उनके दो बेटे भी मौके पर पहुंचे और कुल 52,200 रूपए जगह जगह रोड के आस पास तलाश कर रहें थे। तभी गजानंद बोहरा, दामोदर जोशी व गिरधारी जोशी से उनका संपर्क हुआ। तीनों आम सड़क पर मिले रूपए लौटाने के लिए मालिक की तलाश कर रहें थे। दोनों पक्षों ने रकम की तस्दीक की और नोटों की सही संख्या और सही गिनती बताने पर जाखड़ को रूपए लौटा दिए गए। जियाराम व उनके बेटों ने तीनों की ईमानदारी की सराहना करते हुए इनका आभार जताया।

जीव सेवा में दिया योगदान, गांवो सहित विभिन्न स्थलों पर किए 1500 पालसिए वितरित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भीषण गर्मी और तपती लू में गला तर करने के लिए ठंडा पानी मिल जाने का महत्व मानव जाति ही नहीं अबोले जीव भी बखुबी समझते है। ऐसे में पंछियों के लिए पालसिए लगाने की अपील अनेक स्वयंसेवी संस्थाएं व समाजसेवी कर रहें है। नर नारायण सेवा संस्थान ने जीव सेवा में योगदान देते हुए एजी मिशन इंटरनेशनल स्कूल व आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में विद्यार्थियों को पालसिए वितरित किए। डॉ रजनीश कौशिक ने रेगिस्तानी इलाकों में जल का महत्व बताते हुए जीवों के लिए पानी भरने को जीव सेवा का कार्य बताया। संस्थान के आनंद जोशी ने बताया कि संस्था के सहयोगी सदस्यों की सहायता से पालसिए वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत संस्था सदस्यों ने मंदिरों, श्मशान भूमियों व गांव ऊपनी, सेरूणा, गुसाईंसर बड़ा, बिग्गा व दुलचासर सहित अनेक गांवो में पालसिए वितरित किए है। वहीं लोगों से इनकी देखरेख करने व नियमित पानी भरने का संकल्प भी करवाया गया है। संस्था ने 1500 पालसियों का वितरण कर दिया है। सेवादार भंवरलाल, श्याम करनाणी, सतीश महादेव, महेंद्र, भैरूं, वीर, फतेह सहित अनेक सदस्य इस कार्य में अपनी सेवा दे रहें है।