






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2025। सरकारी स्कूलों के हाल-बेहाल के दौर में बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा देने के लिए निजी स्कूलों में प्रवेश करवाना अभिभावकों का पहला प्रयास रहता है। लेकिन इस प्रयास में अनेकों जरूरतमंद परिवारों के लिए बच्चों की फीस खासी भारी पड़ती है। ऐसे में सरकार द्वारा आरटीई में फीस पुर्नभरण शुरू किया गया है लेकिन श्रीडूंगरगढ़ के सेवाभावी लोगों द्वारा सरकार से पहले से ही ऐसे प्रयास जारी है। कालूबास स्थित आचार्यश्री महाप्रज्ञ जनकल्याण केन्द्र (तेरापंथ भवन ऊपरलो) द्वारा ऐसा ही प्रयास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत किया जा रहा है एवं इन प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी कस्बे में विभिन्न निजी विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की फीस भरी गई है। ट्रस्ट मंत्री पन्नालाल पुगलिया ने बताया कि ट्रस्ट अध्यक्ष बजरंगलाल सेठिया की अगुवाई में इस वर्ष ट्रस्ट द्वारा 9 विद्यालयों के 70 बच्चों के लिए 6.15 लाख रुपए के चैक स्कूल संचालकों को सोमवार को वितरण किए गए है। इस दौरान केन्द्र प्रांगण में आयोजित औपचारिक समारोह में इन विद्यालयों के संचालकों को चैक प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान केन्द्र अध्यक्ष बजरंगलाल सेठिया द्वारा केन्द्र द्वारा जनकल्याण के कार्यों को अपनी प्राथमिकता बताते हुए यहां संचालित आर्युवेद चिकित्सालय, शिक्षा संपोषण योजना एवं अन्य योजनाओं की जानकारी दी। मंत्री पन्नालाल पुगलिया ने केन्द्र के विस्तार एवं आगामी कार्ययोजनाओं के बारे में बताया गया। उन्होने योजना के तहत लाभांवित होने वाले बच्चों से अपने जीवन में शिक्षा के प्रति सजग रह कर कैरीयर बनाने एवं सफल बनने के बाद समाज हित में जीवन जीने का संकल्प करने को कहा। कार्यक्रम में केन्द्र कार्यसमिति के रिद्धकरण लूणियां, फुसराज पुगलिया, राजकुमार मालू, भंवरलाल दुग्गड़, पवन बरड़िया आदि मंचासीन रहे। इस दौरान शहर के शिक्षाविद विजयराज सेवग, मनोज गुंसाई, कांतिप्रकाश थेपड़ा व जैन समाज के सक्रिय युवा अशोक झाबक, सुशील डाकलिया, मणिशंकर सेठिया, रमेश चौरडिया व स्कूली बच्चे, महिलाएं, अभिभावक आदि मौजदू रहे।
इन्हें मिला शिक्षा प्रोत्साहन योजना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आचार्यश्री महाप्रज्ञ जनकल्याण केन्द्र की शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत महाराणा प्रताप स्कूल के 29, संस्कार इनोवेटिव पब्लिक स्कूल के 22, ब्राइट फ्युचर स्कूल के 5, श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल के 3, विवेक विद्या विहार के 3, सरस्वती स्कूल के 3, भारती निकेतन के 3, सेसोमूं स्कूल के 1, शिव मिडिल स्कूल के 1 विद्यार्थियों की फीस का भुगतान किया गया है। संस्था मंत्री पन्नालाल पुगलिया ने बताया कि इन बच्चों का चयन पूर्ण पारदर्शी प्रक्रिया के साथ किया गया है।


स्कूलों में अध्यनरत विद्यार्थियों की फीस के चैक सौंपे:-







