May 20, 2026
00-25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2021। सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में दो ग्राम पंचायतों में चिकित्सा विभाग के दो भवनों के शिलान्यास कार्यक्रम में राजनीतिक खींचतान देखने को मिली। ग्राम पंचायत ऊपनी में 2.13 करोड़ की लागत से प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र एवं ग्राम पंचायत बरजांगसर में 38 लाख की लागत से बना उपस्वास्थ्य केन्द्र बनाने की सरकार की घोषणा को मूर्तरूप देने के लिए सोमवार को चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा द्वारा विधायक गिरधारीलाल महिया की वर्चुअल अध्यक्षता में शिलान्यास किया गया। लेकिन इन दोनो जगहों पर ही सरकार द्वारा घोषणा करने के समय यहां के सरपंचों ने पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा को इस स्वीकृति का श्रेय और धन्यवाद देते हुए बड़े बड़े विज्ञापन प्रकाशित करवाए गए थे। ऐसे में दोनों ही कार्यक्रमों में पूर्व विधायक समर्थक शामिल नहीं हुए एवं अपना रोष जताया है। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के पैतृक गांव में करोडों की लागत से बन रहे चिकित्सालय भवन के शिलान्यास में उनकी उपस्थिती नहीं होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर चल पड़ा है।

बना राजनीतिक मंच, महिया ने जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ऊपनी एवं बरजांगसर में चिकित्सा विभाग के भवन शिलान्यास का कार्यक्रम चुनावी मंच बन गया। गांव ऊपनी में विरोध की संभावना को देखते हुए महिया अपने सर्मथकों के साथ गांव में पहुंचे थे एवं वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। यहां महिया ने जनता के आशीर्वाद से सेवा करने का मौका मिलने की बात कहते हुए अब गांव-गांव में आमजन को साथ लेकर विकास कार्यों की झड़ी लगाते हुए जनता का उधार उतारने का दावा किया। महिया ने कहा कि क्षेत्र पिछले 30 सालों से जिन विकास कार्यों की उम्मीदें कर रहा था उन कामों को 5 साल के भीतर करके दिखाएंगे और आम जनता के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करेगें। इस दौरान महिया सर्मथक उपप्रधान प्रतिनिधि मालचंद नैण, कल्याणसर पुराना सरपंच प्रतिनिधि ताजूराम नायक, सत्तासर सरपंच सुनील मलिक, आडसर सरपंच प्रतिनिधि शिव जोशी, बरजांगसर सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण नाथ सिद्ध, पूर्व पंचायत समिति सदस्य नत्थूनाथ मंडा, पूर्व सरपंच रतनसिंह राठौड़, जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी खेतनाथ, गणपतराम महिया, रामप्रताप फौजी, कॉमरेड दानाराम प्रजापत, अर्जुनराम सियाग, हङमाननाथ, भागीरथ स्वामी, रणजीत सिंह राठौड़, डूंगरराम सियाग, रामलाल मेघवाल, पूर्णाराम सुनार, गणेशाराम सियाग, ओमप्रकाश गोदारा, रामेश्वर खिलेरी, लिछमण सियाग, मामराज हरडु, चंपालाल स्वामी, आसुराम गोदारा, तुलसीराम शर्मा आदि मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ में गर्मा रही शिलान्यास की राजनीति, शिलापट्ट पर सरपंचों का नाम देने की मांग।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ में शिलान्यास समारोह की राजनीति गर्मा रही है और अब शिलापट्ट पर सरपंचों के नाम देने की मांग भी उठने लगी है। क्षेत्र के युवा नेता विवेक माचरा ने चिकित्सा सचिव से वार्ता कर जनहित के कार्यों में ग्राम पंचायत के सरपंच का नाम हटाना पंचायतीराज कानून का उल्लंघन बताया। माचरा ने कहा कि बजट के भयंकर अभाव में भी ग्राम विकास के लिए जुटे सरपंचों के सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। माचरा ने कहा कि सरकार द्वारा श्रीडूंगरगढ़ के क्षेत्र में विकास कार्यों के शिलान्यस में ग्राम पंचायत के सरपंचों का नाम हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। माचरा ने कहा कि पूर्व में भी जालबसर – नक्कोदेसर सड़क मार्ग का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा किया गया वहां भी सरपंच का नाम शिलापट्ट से हटाया गया और अब होने वाले शिलान्यास के कार्यकर्मों में ग्राम पंचायत ऊपनी और ग्राम पंचायत बरजांगसर में शिलान्यास कार्यक्रम में सरपंच का नाम नहीं होना निंदनीय है। डॉ. माचरा ने ग्राम पंचायत के सम्मान में पंचायतीराज संस्थाओं के सरपंच का नाम शिलान्यास कार्यक्रम के शिलापट्ट पर नाम अंकित करने की मांग की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ऊपनी में वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होते विधायक गिरधारीलाल महिया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बरजांगसर में किया गया शिलान्यास।