






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मार्च 2025। उपजिला अस्पताल परिसर में व परिसर के सामने आम गली में अव्यवस्थित वाहनों की भीड़ से अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं बाधित हो रही है। परिसर के बाहर और परिसर के भीतर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण यहां लंबे जाम की स्थिति प्रतिदिन दिन में कई बार बन जाती है जिससे मरीजों को लाने- लेजाने वाली एंबुलेंस व अन्य इमरजेंसी गाड़ियां जाम में फंस रही हैं। जिससे गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। विदित रहें कि हॉस्पिटल में अनेकों बार रोगियों की जेब कटने, सामान चोरी होने की घटनाएं भी हो चुकी है। हर बार यहां अस्पताल प्रशासन द्वारा होमगार्ड या पुलिसकर्मियों की तैनाती करने की मांग उठती रही है लेकिन प्रशासन इस सबन्ध में गम्भीर नहीं है। यहां आमजन ने पूर्व में भी पुलिस प्रशासन और चिकित्सा विभाग से क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था व अस्पताल और अस्पताल के बाहर स्थित गलियों में यातायात व्यवस्था किए जाने की मांग की है। सेवा संस्थानों के सदस्यों ने भी अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कम से कम 2 कॉस्टेबल या 2 होम गार्ड की नियुक्ति की मांग रखी है।




