May 20, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2023। बुधवार को भारी बरसात के बाद गांव तोलियासर में भी एक रहवासी मकान गिर गया व एक अन्य गिरने की कगार पर है। गांव की गोगामेड़ी के पास स्थित दिवंगत ओमप्रकाश पुत्र दुलाराम मेघवाल का मकान गिर गया। उनकी विधवा पत्नी व तीन छोटे बच्चे परेशान हुए व बेछत हो गए। वहीं एक अन्य पूर्णाराम लूहार के मकान में भी दरारें आ गई व गिरने की कगार पर नजर आ रहा है। सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह राजपुरोहित ने बताया कि दोनों परिवारों को तिरपाल आदि की व्यवस्था कर झोंपड़ा तैयार करवा कर दिया गया है। राजपुरोहित ने बताया कि लूहार परिवार को क्षतिग्रस्त मकान में नहीं रहने की अपील की गई है। बता देवें बुधवार को पूरे अंचल में अच्छी बरसात हुई और रीड़ी व बाना गांव में भी अनेक घरों में पानी घुस गया था। इसके अलावा गांव जैतासर, बिग्गा, बाना, रिड़ी, कल्याणसर, ऊपनी सहित बड़ी संख्या में गांवों में जोरदार बारिश के समाचार है। अच्छी बारिश के बाद खेतों में रौनक छा गई है एवं किसानों के चेहरों पर खुशी देखी जा रही है। वहीं गांव जैसलसर के रेलवे अंडरपास में पानी जमा होने से आवागमन में खासी दिक्कतें हो रही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव तोलियासर में तेज बारिश से गिरा मकान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव जैसलसर जाने वाली मुख्य सड़क की रेलवे पुलिया में भरा पानी, आवागमन में बाधा।