






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 नवम्बर 2025। वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति की सबसे बड़ी परेशानी जीवन में आई नकारात्मकता है, व्यक्ति अगर सकारात्मक रहें तो कठिन से कठिन समय को ईश्वर सत्ता पर विश्वास रख कर निकाल सकता है। सकारात्मक बनने के लिए जरूरी है, कि व्यक्ति सत्य मार्ग पर चलने को ही अपने जीवन का ध्येय बना ले। यह प्रेरणा संत क्षमाराम जी महाराज ने शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के कमला कॉलोनी में स्थित शिव वाटिका में अपने प्रवास के दौरान आयोजित प्रवचनों में दी। महाराज ने करीब एक घंटे के अपने प्रवचन में सबके लिए अच्छा सोचने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सबका भला चाहने से स्वत: ही धर्म की पालना हो जाएगी जिससे व्यक्ति का स्वयं का भला भी हो जाएगा। महाराज ने कहा कि जो सबका भला चाहता है ईश्वर उसका भला चाहते है, ईश्वर में अटूट विश्वास रखने से ही जीवन में हमेशा सकारात्मक रहा जा सकता है। इस दौरान क्षमाराज जी महाराज के साथ 15 अन्य सहवृति संतों का सान्निध्य भी रहा। सभी ने श्रृद्धालुओं को प्रेरणा पाथेय दिया। महाराज का स्वागत शिव वाटिका के संजय सिखवाल एवं उनकी पत्नी ने किया। इस दौरान सिखवाल परिवार के सदस्यों के साथ साथ समाजसेवी ओमप्रकाश राठी, पवन सोनी, रणजीत सोनी, चांदरतन राठी, बसंत झंवर, पवन राठी, आशीष सोनी, जितेन्द्र सोनी, राधेश्याम सिखवाल सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एवं महिला श्रृद्धालु मौजूद रही व सभी ने संतों के दर्शन कर आर्शीवाद लिया।




