






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 फरवरी 2026। कमजोर दिल वाले यह वीडियो ना देखें, दिल दहल जाएगा, आंखे छलक उठेगी और वीडियो में चार साल के अबोध बच्चे की चीत्कार आपके मन को झकझोर देगी, ये एक चेतावनी भी देगी कि छोटे बच्चों को आंखों से ओझल ना होनें दें, हर पल उनका ख्याल रखें। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव ऊपनी का निवासी चार वर्षीय अबोध बच्चा रामू अपने जीवन की शिक्षा शुरू करने के पहले दिन बड़े ही उत्साह से ऊपनी में स्थित स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में अपने बड़े भाई के साथ गया एवं शिक्षा शुरू करने के पहले दिन ही स्कूल परिसर में ही कुत्तों ने उस पर हमला कर उसका शिकार करने का प्रयास किया। बच्चे को उसके परिजन पीबीएम चिकित्सालय लेकर पहुंचें जहां गंभीर स्थिति में उसका उपचार चल रहा है। पीबीएम के ट्रोमा सेंटर से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे के सिर पर करीब पूरी चमड़ी ही कुत्तों ने नोंच खाई एवं बच्चे का कान भी काट खाया, बच्चे के कंधे, मुंह, गले, हाथ, पैर, पीठ आदि पर अनेक स्थानों पर कुत्तों को नाखून एवं दांतों से काट खाने के घाव बने हुए है। पीबीएम चिकित्सालय में बच्चे का उपचार हो रहा है एवं सिर के अलावा के घाव आगामी तीन सप्ताह में भर जाने की उम्मीद है व सिर की चमड़ी को रिकवर होने में एक साल से अधिक का समय लग सकता है। इस पूरे साल बच्चे को अत्यधिक केयर की आवश्यकता रहेगी एवं मिट्टी, गंदगी आदि से बच्चे को इंफेक्शन का खतरा हर समय रहेगा। घटना के बाद स्कूल प्रशासन के खिलाफ भी ग्रामीणों में रोष व्याप्त है एवं करोड़ों रुपए खर्च कर बनाई गई स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में भी यह हालात होने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है। बीकानेर पीबीएम में उपचार लेने के दौरान का वीडियो देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें-



