






श्रीडूंगरगढ टाइम्स 30 दिसम्बर 2020। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप श्रीडूंगरगढ क्षेत्र में मंगलवार से तीव्र शीतलहर का प्रकोप नजर आ रहा है। फसलों पर बर्फ जम गई है और रेगिस्तानी रास्तों में भी बर्फ जमी नजर आ रही है। पक्षियों के लिए रखे पालसीए में, पाइपों में पानी बर्फ बन गया है। क्षेत्रवासी कड़ाके की ठंड महसूस कर रहें है व रात्रि के साथ दिन में भी ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए दो दिन कोल्ड-डे घोषित किया है और लोगों से बचाव की अपील भी की है। तापमान में हो रही गिरावट से फसलों व पशुओं पर भी शीतलहर का प्रभाव पड़ेगा। पशुधन व पालतु पशुओं का भी ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है। लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से शीतदंश होने की संभावना बढ़ गई है और फसलों में दलहनी फसलों को नुकसान की आंशका बढ गई है। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. संतोष आर्य ने टाइम्स को बताया कि नागरिक लंबे समय तक ठंड में रहने से बचे और अपने सिर, गर्दन, हाथ और पैर की उंगलियों को कवर करें ताकि शरीर में शारीरिक ऊष्मा की कमी ना हो पाए। बाहरी गतिविधियों से बचे या सीमित कर देवें, तथा शीतदंश/ हाइपोथर्मिया होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।










