






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 नवबंर 2020। गांवो में सरपंच भी जब अपने एजेंडे में गांव में खेल मैदान के लिए आवाज उठाने है और कई गांवो में तो आदर्श मैदान के निर्माण में सरपंच व ग्रामीण युवा एकजुट होकर कर रहें है। आज खेल के द्वारा एक उम्दा करियर का निर्माण करने का सपना भी सैंकड़ों युवाओं की आँखो में सजे हुए है। परन्तु श्रीडूंगरगढ़ मुख्यालय का एकमात्र खेल मैदान श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम कभी अपने नाम के स्वरूप को प्राप्त नहीं कर सका और अब तो हद ये हो गई है की नगरपालिका इस खेल मैदान को गंदे पानी के जोहड़ के रूप में बदलने जा रही है। इस बदतर स्टेडियम के हाल सुधारने के लिए आज कई खेल प्रेमी युवा यहां एकत्र हुए व अंधेर नगेरी में इस चौपट व्यवस्था को तुरंत रोकने की मांग की। नारेबाजी करते हुए ये युवा उपखंड कार्यालय और नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन दिए। युवाओं ने पालिका द्वारा यहां कचरा डालने व गंदा पानी एकत्र करने का विरोध किया। युवा भवानी सिंह बीका, पवन उपाध्याय, सोनू उपाध्याय, अशोक झाबक सहित कई युवा एकत्र हुए। भवानी सिंह ने कहा कि श्रीडूंगरगढ क्षेत्र के युवा मिल कर शहर के एकमात्र खेल मैदान के लिए संघर्ष करेंगे व इसके लिए आंदोलन करना पड़ा तो हम पीछे नहीं हटेंगे। पूर्व पार्षद अशोक झाबक ने इसके लिए श्रीडूंगरगढ़ की लचर राजनीतिक व्यवस्था की जिम्मेदार बताया। झाबक ने कहा कि नेता केवल वोट मांगने आते है उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से या यहां के बच्चों के भविष्य से कोई लेना देना ही नहीं है। बता देवें इससे पूर्व में भी यूथ कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने खेल मंत्री अशोक चांदना से मिल कर शहर में स्टेडियम का निर्माण करवाने की मांग की थी और चांदना ने इस पर कार्रवाही का आश्वासन भी दिया था। नगरपालिका चैयरमेन बनने वाले सभी अध्यक्ष इसके लिए कार्य करने की बात भी कहते रहे है। लगातार नागरिक इस पर विरोध जता रहे है। कुछ ही दिन पहले राजेश शर्मा ने प्रशासन को ज्ञापन दिया, सोमवार को खेल प्रेमी धीरज सेन ने इस पर पूरजोर विरोध जताया था। कई खेल प्रेमियों ने व पूर्व पार्षदों ने स्थानीय प्रशासन से लेकर सरकार के स्तर तक ये मांग पहुंचाई है कि श्रीडूंगरगढ में खेल मैदान को बच्चों की फिजिकल तैयारी के लिए ठीक करवाया जाए। अब क्षेत्र के खेल प्रेमी व युवा मिल कर आवाज उठाने की ठानी है और वे इस कार्य को करवा सकें तो क्षेत्र में आने वाले कल में युवाओं को तैयारी के लिए, खेल के लिए एक मैदान मिल सकेगा।





