






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जुलाई 2023। आज सुबह दुःखद घटना का समाचार गांव उदरासर से आया है। यहां 28 जून को मेघवालों के श्मशान में बने पानी के कुंड में गिरने से एक महिला की मौत हुई थी और शुक्रवार को विधि विधान से उसके संस्कार पूर्ण होने के बाद पति का शव भी उसी कुंड में मिला है। पत्नी की मौत के 10 दिन बाद पति की मौत से चार नन्हें मुन्ने बच्चों का भविष्य उजड़ गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अन्नाराम पुत्र उदाराम मेघवाल का शव शुक्रवार शाम श्मशान में बने कुंड में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकलवाया व सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सरपंच किसनाराम गोदारा मौके पर पहुंचे व शोक प्रकट किया। आज शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। गांव भर में 10 दिन में चार बच्चों के अनाथ होने की चर्चा से ग्रामीण व्यथित है और शोक जता रहे है।



