






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अगस्त 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में किसानों को लगातार उपेक्षाओं ओर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और किसानों की समस्याओं का समाधान का एकमात्र रास्ता संघर्ष ही है ओर यही निर्णय लिया गया सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित अखिल भारतीय किसान सभा के 8वें तहसील सम्मेलन में। मघाराम मेघवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में विधायक गिरधारी लाल महिया अतिथि और सभा के राज्य महासचिव छगनलाल चौधरी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। झंडा फहरा कर शुरू इस सम्मेलन में सबसे पहले विगत वर्षों में संघठन के कार्यकर्ताओं के निधन पर श्रद्धांजलि दी गई। तहसील सचिव राजेन्द्र जाखड़ ने तीन वर्षों की गतिविधि रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस रिपोर्ट पर 10 किसान नेताओं ने आत्म आलोचना बहस में भाग लिया। सम्मेलन में किसानों को पूरे 6 घंटे बिजली दिलाने, डिमांड भर चुके ओर तरमीम जमा करवा चुके किसानो को तुरन्त कनेक्शन देने, जले हुए ट्रांसफॉर्मर 72 घंटो में बदलने के मुद्दों आगामी 4 अगस्त को विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर एकदिवसीय धरना देने और समाधान नही होने पर बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा जिले के किसानो को बकाया फल क्लेम दिलवाने, कर्जा माफी आदेशों को त्वरित प्रभाव से लागू करवाने के लिए भी संघर्ष करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन का संयोजन मोहन भादू ने किया और अध्यक्ष के आभार ज्ञापन से किसान एकता के नारों के साथ सभा का समापन किया गया।
भुंवाल अध्यक्ष, जाखड़ सचिव मनोनीत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अखिल भारतीय किसान सभा के 8वें तहसील सम्मेलन में सर्व सम्मति से आगामी कार्यकाल के लिए 31 सदस्यों की कार्यसमिति का गठन भी किया गया। जिसमें भंवरलाल भुंवाल को तहसील अध्यक्ष, राजेन्द्र जाखड़ को सचिव, गोपाल भादू को कोषाध्यक्ष, कान नाथ सिद्ध को उपाध्यक्ष, मामराज गोदारा ओर संतुनाथ सिद्ध को चुना गया।



