






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जनवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में आगामी 15 एवं 16 फरवरी को शूटिंग वॉलीवाल का महाकुंभ सजेगा एवं इस महाकुंभ में देश भर से सिद्ध समाज की टीमें व खिलाड़ी भाग लेगें। श्री देव जसनाथजी शूटिंग वॉलीवाल प्रतियोगिता के तीसरे सीजन के लिए आयोजनकर्ता सिद्ध युवा महासभा संस्था के कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए है। इस संबध में तैयारी बैठक भी श्रीडूंगरगढ़ में नेशनल हाईवे स्थित सिद्ध धर्मशाला में संस्था अध्यक्ष भगवाननाथ सिद्ध की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष मदननाथ सिद्ध, कार्यसमिति सदस्य बलराम सिद्ध, राजूनाथ सिद्ध, ओमनाथ सिद्ध, जगदीश नाथ सिद्ध, पवन सिद्ध, सांवतनाथ सिद्ध एवं आयोजन से जुडे कार्यकर्ता मौजूद रहें। सभी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई है। सिद्ध ने बताया कि इस बार आयोजन स्थल श्रीडूंगरगढ़ के मध्य स्थित प्रसिद्ध वॉलीवाल ग्राऊंड हनुमान क्लब रहेगा। कई नेशनल लेवल प्रतियोगिताओं के साक्षी बने क्लब मैदान में इस बार सभी मैच खेलें जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडियों के रहने एवं खाने की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की जाएगी एवं प्रथम तीन विजेताओं को क्रमश: 21 हजार, 11 हजार एवं 7100 रुपए की नकद पुरस्कार राशि व ट्राफियां, मोमेंटों दिए जाएंगे। इसके साथ ही बेस्ट प्लेयर व बेस्ट नेटर ट्राफी भी दी जाएगी। प्रतियोगिता में केवल सिद्ध समाज के खिलाड़ी ही भाग ले सकेगें एवं एक खिलाड़ी एक ही टीम से खेल सकेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए 500 रूपए अनुशासन फीस रखी गई है। ये फीस राशि टीम के मैदान पर पहुंचने पर लौटा दी जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों के प्रवेश की अंतिम तिथि 7 फरवरी तय की गई है। विदित रहे कि संस्था के वर्तमान अध्यक्ष भगवाननाथ सिद्ध के कार्यकाल में समाज की एकजुटता, युवाओं में आपसी सम्पर्क एवं समाजहित में सक्रियता बढ़ाने के लक्ष्य से समाज की यह प्रतियोगिता का आयोजन शुरू किया गया था। गत दोनों आयोजन सामाजिक दृष्टि से खासे सफल व उत्साहवर्द्धक रहें। ऐसे में इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सहयोगी बन कर जोश के साथ तैयारियां प्रारंभ कर दी है।



