August 30, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अगस्त 2024। उपजिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ नहीं होने से क्षेत्र की आधी आबादी सरकारी ईलाज के लिए बुरी तरह से परेशान है। महिलाओं को ना केवल विभिन्न बीमारियों में बल्कि डिलेवरी में भी मामूली गंभीर स्थिति होते ही उन्हें बीकानेर या निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है जो आमजन की जेब पर भारी पड़ रहा है। ऐसे में महापुरूष समारोह समिति द्वारा मंगलवार को उपजिला चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ के लम्बे समय से रिक्त पद पर शीघ्र डॉक्टर की नियुक्ति के लिए उपखंड अधिकारी उमा मित्तल को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह के नाम ज्ञापन दिया है। समिति ने विधायक ताराचन्द सारस्वत को भी ज्ञापन देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। संस्था के अध्यक्ष श्रीगोपाल राठी ने बताया कि उपजिला चिकित्सालय में लंबे समय से स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त चल रहा है, जिससे आम जनता को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस कारणवश महिलाओं को गर्भावस्था, प्रसव और अन्य स्त्री रोग संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन की बर्बादी हो रही है। इस दौरान मंत्री सुशील सेरड़िया, समिति सदस्य तुलसीराम चोरड़िया, निर्मल पुगलिया, एडवोकेट जगदीश भाम्भू, सुरेश भादानी, अशोक पारीक भी मौजूद रहें।