






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 दिसंबर 2023। केन्द्र सरकार द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा को गांव गांव तक पहुंचाने की तैयारियों को आज जिले भर में अंतिम रूप दिया गया। जिला अधिकारियों ने ब्लॉक अधिकारियों को वीसी के जरिए निर्देशों की पालना के आदेश दिए। कल से जिले भर में प्रारंभ होने वाली यात्रा श्रीडूंगरगढ़ में हर एक ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी। इसका रूट चार्ट बना लिया गया है। यात्रा प्रारंभ कल शेरूणा से होगी तथा 18 जनवरी 2024 को बिग्गाबास रामसरा में पूर्ण होगी। तहसीलदार राजवीरसिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान फ्लेगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा। योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने, योजनाओं संबंधी जागरूकता व निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए बीकानेर जिले को 6 वैन एलॉट हुई है। ये वैन प्रतिदिन 2 ग्राम पंचायतों में यात्रा करेगी व इस दौरान उन ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन करना आवश्यक होगा। जिससे ग्रामीणों के अनेक कार्य संपादित होंगे।
डे-नोडल अधिकारी नियुक्त किए, दी जिम्मेदारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। यात्रा के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला कलेक्टर ने डे-नोडल अधिकारी नियुक्त किए है। जिन्हें यात्रा संबंधी जिम्मेदारी सौंपी गई है। 10 से 12 कार्मिकों की कमेटी बनाई गई है जिनके साथ नोडल अधिकारी उपस्थित रहेंगे व वंचितों को योजनाओं के लाभ से जोड़ा जाएगा। वहीं ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच द्वारा यात्रा का नेतृत्व किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर दो समितियां “स्वागत समिति” व “सांस्कृतिक समिति’ का गठन किया गया है। इन समितियों में 10 से 12 ग्रामीण व महिलाएं शामिल होगीं। यात्रा के दिन ही ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। सरपंच व वार्ड पंच ग्रामीणों को एकत्र करने के साथ जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करेंगे और फ्लैगशिप योजनाओं से लाभान्वितों को भी बुलाया जाएगा।
ये होंगे काम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। यात्रा के दौरान मुख्य रूप से यात्रा के स्वागत से कार्यक्रम प्रारंभ होगा तथा प्रधानमंत्री का संदेश सभी को सुनाना होगा। कृषि गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देना, प्रतिभावान महिलाओं व स्थानीय खिलाड़ियों का सम्मान करना, ग्राम पंचायतों की उपलब्धियों की सराहना करना तथा आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य कैंप एवं पंजीयन यथा उज्ज्वला योजना, मेरा भारत वालिंटियर्स, केसीसी, टीबी स्क्रीनिंग, एनिमिया उन्मूलन, आयुष्मान कार्ड आदि का पंजीयन करने सहित विभिन्न योजनाओं से वंचितों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
प्रत्येक ग्राम पंचायत पर आयोजित होगी कृषि पाठशाला-पशु पाठशाला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत हर ग्राम पंचायत में पशु पाठशाला तथा कृषि पाठशाला आयोजित किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि इन पाठशालाओं में कृषि और पशुपालन संबंधी आधुनिक तकनीक की जानकारी किसानों और पशुपालकों को दी जाए। क्योंकि सीमित संसाधनों के चलते खेती में चुनौतियां बढ़ रही है, कृषि अनुसंधानों का किसानों को अधिक से अधिक फायदा मिले, इस दिशा में संवाद बढ़ाएं ।कृषि विश्वविद्यालय के साथ विभागीय अधिकारी नियमित संवाद करते हुए कृषि अनुसंधानों की जानकारी लें और किसानों तक इस जानकारी को पहुंचाएं। जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी ब्लॉक में विभिन्न बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी उपस्थित रहने व किसानों के समक्ष आने वाली समस्याओं का निस्तारण करवाने के निर्देश दिए है।
हर एक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंचेगी यात्रा, ये रहेगा रूट चार्ट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तहसीलदार राजवीरसिंह ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ अंचल की सभी 53 ग्राम पंचायतों पर यात्रा पहुंचेगी और ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। यात्रा का रूट चार्ट- 16 दिसंबर को गांव शेरूणा व देराजसर, 18 दिसंबर को सूडसर व टेऊ, 19 दिसंबर दुलचासर व सांवतसर, 20 दिसंबर को लिखमीसर उत्तरादा व दिखनादा, 21 दिसंबर को राजेडू व बापेऊ, 22 दिसंबर को कल्याणसर नया व जाखासर, 23 दिसंबर को सोनियासर मिठिया व शिवदानसिंह, 26 दिसंबर को कुनपालसर व बरजांगसर, 27 दिसंबर को धनेरू व बाडेला, 28 दिसंबर को मिंगसरिया व धर्मास, 29 दिसंबर को इंदपालसर सांखलान व इंदपालसर गुसाईंसर, 30 दिसंबर को रीड़ी व बाना, 1 जनवरी 2024 को ऊपनी व कल्याणसर, 2 जनवरी को दुसारणा पंडकरिकजी व पुदंलसर, 3 जनवरी को बेनीसर व लखासर, 4 जनवरी को जोधासर व पूनरासर, 5 जनवरी को समंदसर व बींझासर, 6 जनवरी को गुसाईसर बड़ा व डेलवा, 8 जनवरी को उदरासर व जालबसर, 9 जनवरी को सुरजनसर व आड़सर, 10 जनवरी को मोमासर व सत्तासर, 11 जनवरी को लिखमादेसर व ठुकरियासर, 12 जनवरी को जेतासर व तोलियासर, 13 जनवरी को जैसलसर व बिग्गा, 15 जनवरी को कितासर भाटियान व कितासर बिदावतान, 16 जनवरी को धीरदेसर चोटियान व कुंतासर, 18 जनवरी को बिग्गाबास रामसरा में पहुंचेगी व यहां यात्रा पूर्ण होगी।



