May 20, 2026
0001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 फरवरी 2026। भाजपा के युवा नेता से हाइवे के पास सर्विस रोड पर 4 फरवरी की रात मारपीट करने का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है। एएसआई सुरेंद्र कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाजपा के युवा नेता बिग्गाबास निवासी 29 वर्षीय महेंद्र राजपूत ने पुलिस को बताया कि 4 फरवरी 2026 की रात करीब 9.30 बजे वह अपने दोस्त अहमद काजी के साथ बीकानेर से लौट रहा था। तभी सेसोमूं स्कूल के पास सर्विस रोड पर अपनी गाड़ी खड़ी करके चाय पीने के लिए रूके। कुछ ही देर में सामने की ओर से एक स्कूटी पर सवार तीन जनों ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। परिवादी ने मोमासर बास निवासी स्कूटी सवार मिंटूसिंह पुत्र शिवसिंह राजपूत व अन्य दो जनो को ओलमा दिया, तो स्कूटी सवार ने अपने साथी रामसिंहसर सरदारशहर निवासी रामनिवास सारण, बींझासर निवासी अशोक व श्रीडूंगरगढ़ निवासी भानीनाथ सिद्ध को बुला लिया। आरोपी गालियां देने लगे और मारपीट करते हुए उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। परिवादी ने बताया कि रामनिवास व अशोक ने अपनी कैपंर गाड़ी में सवार होकर जान से मारने की नियत से उसे कैंपर गाड़ी से टक्कर मारी और गाड़ी से 150 फुट घसीटकर ले गए। जिससे उसके पैरों व कुल्हे पर गंभीर चोटें लगी, जब अहमद काजी ने बीच बचाव किया तो उसके साथ मारपीट करते हुए उसका फोन चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।