May 21, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2024। क्षेत्र के गांव लिखमादेसर की रोही से एक नाबालिग युवती को नगदी, गहनों के साथ भगा ले जाने का मामला सामने आया है। युवती के चाचा ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंच पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई खेत में ढाणी बनाकर रहते है। 15 अगस्त 2024 के दिन परिवादी व उसका भाई व भाभी खेत में काम करने गए तो उसकी 16 वर्षीय भतीजी ढाणी में ही थी। जब दोपहर करीब 2 बजे वे लौट कर ढाणी में आए तो युवती ढाणी में नहीं थी। तीनों ने उसकी तलाश के प्रयास किए परंतु वह नहीं मिली। ढाणी में रखे 50 हजार नगदी रूपए तथा गायब युवती की माँ के गहने दो सोने की अंगूठी, रखड़ी सेट, चैन, मंगलसूत्र भी ढाणी से गायब मिले। परिवार ने पुलिस को बताया कि सरदारशहर के गांव आसासर निवासी जयपालसिंह पुत्र गुल्लूसिंह राजपूत पिछले काफी समय से उनकी ढाणी के चक्कर लगा रहा था। आरोपी परिवादी की भतीजी को बहला फुसलाकर ले जाने की फिराक में रहता था। परिजनों ने एक बार उसे पकड़कर समझाया था, तब उसने ढाणी की ओर नहीं आने की बात भी कही थी। उसने बताया कि उसके परिवार को शक है कि जयपालसिंह ही उसकी नाबालिग भतीजी को ले गया है। परिवादी ने पुलिस से नाबालिग भतीजी की तलाश करने व नगदी उसकी माँ के गहने बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को सौंप दी है।