






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 सितंबर 2024। गत सप्ताह से लगातार बढ़ रही गर्मी और बिजली कटौती ने किसानों का हाल बेहाल कर दिया है। पूरे अंचल में चारों ओर से किसान बिजली की मांग करते नजर आ रहें हे। क्षेत्र के युवा नेता डॉ विवेक माचरा आज अनेक किसानों से मिले और विद्युत विभाग पहुंचकर एक्सईएन व एईएन स्तर के अधिकारियों से मिलकर वार्ता की। माचरा ने अधिकारियों से तत्काल पूरे वोल्टेज के साथ बिना ट्रिपिंग पूरी बिजली देने की मांग की। माचरा ने कहा कि अच्छी बरसात के बावजूद अब इस समय बिजली की जरूरत है। मूंगफली सहित फसलें पकाव पर है और विभागीय लापरवाही के कारण किसान खून के आंसू रोने को मजबूर है। माचरा ने कहा कि किसानों को पूरी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो प्रशासन के लिए हालात काबू से बाहर हो जाएंगे। आपूर्ति नहीं मिलने की दशा में किसान आंदोलन पर उतरेंगे और सरकार व प्रशासन से अपने हक की बिजली लेंगे। माचरा ने विभिन्न गांवो से गांववार शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी। वार्ता के दौरान बिजली अधिकारियों ने आपूर्ति प्रबंधन करने का आश्वासन दिया।




